*संस्कारधानी में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 'रन फॉर यूनिटी' को मंत्री श्री सिंह ने दिखाई हरी झंडी
रानीताल खेल परिसर से 3 किलोमीटर लंबी 'रन फॉर यूनिटी' को अतिथियो ने दिखाई हरी झंडी
लोक निर्माण मंत्री ने कहा— सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से पूरे देश को एकता के सूत्र में पिरोया; हजारों विद्यार्थियों ने दौड़ में लिया हिस्सा, राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज जबलपुर। देश के प्रथम गृह मंत्री, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आज रानीताल खेल परिसर में भव्य 'रन फॉर यूनिटी' (एकता के लिए दौड़) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से पूरे देश को एकता के सूत्र में पिरोया था। उनकी जयंती हमें राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति अपने संकल्प को दोहराने का अवसर देती है। रन फॉर यूनिटी केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता का विचार है।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, डॉ. अभिलाष पांडे, संतोष वरकड़े एवं नीरज सिंह, जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल, भाजपा महामंत्री सोनू बचवानी तथा मध्यप्रदेश ओलंपिक संघ के सचिव श्री दिग्विजय सिंह उपस्थित थे।
दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार वल्लभभाई पटेल के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। इसके बाद सभी अतिथियों ने एकता और अखंडता का संदेश देते हुए मंच से युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
"आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है यह विचार"— मंत्री श्री सिंह
लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस दौड़ के माध्यम से अलग-अलग भाषा, क्षेत्र और आयु वर्ग के लोग एक विचार के साथ एकजुट होकर आगे बढ़ते हैं। यह विचार भारत के प्रति प्रेम और राष्ट्र की एकता का है। उन्होंने कहा कि हमें इस विचार को अपनी आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है और स्वयं भी संकल्प एवं इच्छाशक्ति के साथ आगे बढ़ते रहना है। सरदार पटेल के प्रति सम्मान और आदर की भावना हमारे राष्ट्रप्रेम को और अधिक मजबूत करेगी। उन्होंने सभी को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
राष्ट्रीय एकता की शपथ और हरी झंडी
इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं विद्यार्थियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने तथा देशवासियों के बीच एकता का संदेश फैलाने की शपथ दिलाई। इसके पश्चात अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रन फॉर यूनिटी को रवाना किया।
3 किलोमीटर लंबी दौड़ का मार्ग
तीन किलोमीटर लंबी यह दौड़ हनुमान मंदिर, महाराष्ट्र स्कूल, यातायात तिराहा, तीन पत्ती चौराहा और राइट टाउन स्टेडियम होते हुए वापस रानीताल खेल परिसर पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।
इन विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
रन फॉर यूनिटी में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तमरहाई, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चेरीताल, मॉडल हाई स्कूल, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (एमएलबी स्कूल), स्मॉल वंडर स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर गढ़ा फाटक, डीएन जैन स्कूल, महाराष्ट्र उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं चौधरी मदर केयर विद्यालय के विद्यार्थी शामिल हुए।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर अपर कलेक्टर रविशंकर राय एवं शैलेंद्र सिंह, एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी, जिला शिक्षा अधिकारी गौतम वर्बे, जिला खेल अधिकारी आशीष पांडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
गगनभेदी नारों के साथ समापन
कार्यक्रम का समापन "भारत माता की जय" और "सरदार पटेल अमर रहें" के गगनभेदी नारों के साथ हुआ।