2025 के अंतिम कॉम्बिंग गस्त में भोपाल पुलिस का बड़ा अभियान
ईरानी डेरा पर धावा, कई कुख्यात बदमाश गिरफ्तार किया गया
चोरी की बड़ी संख्या में मोटरसाइकिलें, मोबाइल फोन व अन्य अवैध सामान जब्त किया गया है
5000 रुपये का इनाम लूट का आरोपी को भी गिरफ्तार किया 
विशेष संवाददाता/ भोपाल नगरीय पुलिस जोन-4, भोपाल ने शनिवार रात को अमन कॉलोनी स्थित ईरानी डेरा पर धावा बोलकर एक बड़ी सफलता हासिल की है। कॉम्बिंग ऑपरेशन के तहत की गई इस कार्रवाई में कई इनामी और कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है तथा चोरी की बड़ी संख्या में मोटरसाइकिलें, मोबाइल फोन व अन्य अवैध सामान जब्त किया गया है।
महिला पुलिस टीम की अगुवाई में निडर कार्रवाई
इस ऑपरेशन की खास बात यह रही कि एसीपी बिट्टू शर्मा ने लगभग 100 महिला पुलिसकर्मियों की टीम की अगुवाई करते हुए निडरता से कार्यवाही की। ईरानी डेरा की महिलाएं अक्सर पुलिस कार्रवाई में अवरोध उत्पन्न करती रही हैं, लेकिन इस बार पुलिस टीम की रणनीति के आगे वे सफल नहीं हो सकीं। एसीपी बिट्टू शर्मा और उनकी टीम ने दृढ़ता से कई महिला अपराधियों को भी गिरफ्तार किया।
उच्चस्तरीय निर्देश पर हुई कार्रवाई
यह व्यापक ऑपरेशन पुलिस आयुक्त श्री हरिनारायणाचारी मिश्र, एडिशनल पुलिस आयुक्त श्री अवधेश गोस्वामी एवं श्रीमती मोनिका शुक्ला के निर्देशों के तहत चलाया गया था। शहर के सभी थाना क्षेत्रों में 27-28 दिसंबर की रात को कॉम्बिंग गस्त का आदेश दिया गया था, जिसका उद्देश्य इनामी बदमाशों, फरार आरोपियों और वारंटियों की तलाश कर प्रभावी कार्रवाई करना था।
कई राज्यों में वांछित अपराधी गिरफ्तार
पुलिस उपायुक्त जोन-4 मयूर खंडेलवाल, एडिशनल पुलिस आयुक्त जोन-4 श्री मलकीत सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना कमला नगर की टीम ने तड़के ईरानी डेरा में दबिश दी। गिरफ्तार किए गए अपराधियों पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और कई लंबे समय से फरार चल रहे थे। इनमें से कई दूसरे राज्यों के निवासी हैं, जिन पर अन्य राज्यों की पुलिस भी इनाम घोषित कर चुकी है।
जब्त किए गए सामान में शामिल:
1. संदिग्ध चोरी की 21 बिना नंबर प्लेट की महंगी मोटरसाइकिलें।
2. 51 मोबाइल फोन।
3. एप्पल कंपनी का एक टैबलेट।
4. विदेशी मुद्रा (9 US डॉलर, एक ईरानी रियाल)।
5. फर्जी पत्रकार होने संबंधी माइक व आईडी।
6. एक नकली पिस्टल।
7. संभवतः फर्जी वाहन नंबर प्लेटें (MP, UP, बिहार राज्यों की)।
पूरे जोन में व्यापक गिरफ्तारी
इस कार्रवाई के अलावा, कॉम्बिंग गस्त के दौरान जोन-4 की विभिन्न टीमों द्वारा कुल 112 स्थाई वारंट और 65 गिरफ्तारी वारंटों की तामील की गई है। थाना कोहेफिजा का लूट का इनामी आरोपी सब्बीर अली उर्फ ए.पी. भी गिरफ्तार किया गया है, जिस पर 5000 रुपये का इनाम घोषित था।
आम जनता में बढ़ा सुरक्षा का विश्वास
भोपाल पुलिस का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों के मन में भय पैदा होता है और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ता है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी अपराधियों के खिलाफ इसी प्रकार की कड़ी कार्रवाई जारी रखी जाएगी। सभी गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ जारी है, जिससे अन्य मामलों के खुलासे की संभावना है।
