*नगर निगम आयुक्त की पहल, बढ़ती कड़ाके की ठंड 60 निराश्रितों को रैन बसेरों में पहुंचाया*
जबलपुर विशेष संवाददाता/ बढ़ती कड़ाके की ठंड के बीच नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर शहर के निराश्रित और बेघर लोगों को राहत पहुंचाने का एक विशेष अभियान चलाया गया। 
एन.यू.एल.एम., अतिक्रमण निरोधी टीम, एन.जी.ओ. और रेलवे पुलिस बल के संयुक्त तत्वावधान में रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 व 6 के आस-पास से 60 से अधिक निराश्रितों को चिन्हित कर उन्हें सुरक्षित आश्रय स्थलों (रैन बसेरों) में पहुंचाया गया।
यह कार्य निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशन एवं महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने सभी संबंधित टीमों को निर्देश दिए हैं कि शहर के विभिन्न हिस्सों में निगरानी बनाए रखी जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि शीतलहर के इस मौसम में कोई भी व्यक्ति खुले आसमान के नीचे न सोने को मजबूर हो।
उपायुक्त अंकिता जैन ने इस संबंध में बताया कि इस संयुक्त कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य ठंड के कारण बेघर नागरिकों को संभावित खतरों से बचाना और उन्हें सुरक्षित व गर्म आश्रय उपलब्ध कराना है। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
इस मानवीय पहल से शहर के उन निर्बल वर्गों को राहत मिली है, जो कठोर सर्दी में भी खुले में रात गुजारने को विवश थे। नगर निगम का यह कदम सामाजिक सहृदयता एवं कर्तव्यनिष्ठा का एक सराहनीय उदाहरण है।