*नगर निगम के स्कूलों का भव्य वार्षिक उत्सव प्रतिभा की धमाकेदार पहचान*
![]() |
*मानस भवन में छा गए सांस्कृतिक रंग दर्शक हुए मंत्रमुग्ध*
![]() |
मुख्य अतिथि महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू' ने बच्चों के जोश और प्रदर्शन को देखते हुए कहा कि निगम विद्यालयों के बच्चे अक्सर कमजोर पृष्ठभूमि से आते हैं, लेकिन उनमें प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें केवल अवसर और मंच चाहिए।
महापौर ने कहा, "हमारे निगम स्कूल के बच्चे किसी प्राइवेट स्कूल के बच्चों से कम नहीं हैं। 'महापौर गुरुकुल' के माध्यम से हम उनके सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव सुविधा दे रहे हैं, जिसका परिणाम बेहतर शैक्षणिक परिणामों और ऐसी प्रतिभाशाली प्रस्तुतियों के रूप में सामने आ रहा है।"
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें केन्ट क्षेत्र के विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी, मध्य क्षेत्र के विधायक डॉ. अभिलाष पांडेय, निगमाध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा अध्यक्ष ग्रामीण राजकुमार पटैल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
*सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन*
मां सरस्वती की वंदना के बाद शुरू हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने विविधता और उत्कृष्टता का परिचय दिया। नगर निगम विद्यालय घमापुर ने 'मां नर्मदा वंदन' नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। एल.एन. यादव स्कूल, रांझी के बच्चों ने बुंदेली राई नृत्य से समां बांधा। तिलवाराघाट स्कूल ने 'सीता स्वयंवर' की नाटिका का मंचन किया तो डॉ. राजेंद्र प्रसाद विद्यालय ने राजस्थानी कालबेलिया नृत्य की जीवंत प्रस्तुति दी। नगर निगम कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोविंदगंज की ब्रज की रासलीला ने तो सभी दर्शकों का मन मोह लिया। इसके अलावा बुंदेलखंड के लोक नृत्य 'अहीर' की प्रस्तुति ने भी खूब वाहवाही लूटी।
*शिक्षकों व प्रतिभागियों का सम्मान*
महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू' ने विद्यालयों के शिक्षकों व मेकलसुता इंस्टीट्यूट के प्रशिक्षकों को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया। साथ ही, सांस्कृतिक प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं नकद पुरस्कार (5,000 रुपये से लेकर 2,000 रुपये तक) से पुरस्कृत किया गया।
*छात्रों के लिए विशेष पहल की सराहना*
आयोजन में एक संक्षिप्त फिल्म के माध्यम से महापौर द्वारा वर्षभर छात्रों के लिए आयोजित की गई विशेष पहलों—जैसे समर कैंप, हवाई यात्रा, प्रेरणादायक संवाद, विशेष कक्षाएं, देशभक्ति फिल्म प्रदर्शन आदि—को दर्शाया गया, जिसे देख बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। विधायक डॉ. अभिलाष पांडेय ने महापौर के इन प्रयासों को 'अनुकरणीय' बताया।
इस अवसर पर निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवर, अपर आयुक्त मनोज श्रीवास्तव, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजेश वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी सहित अनेक अधिकारी, पार्षदगण एवं शिक्षाविद मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र पांडेय ने किया तथा अपर आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त किया।

