*यातायात सुगमता के लिए एसपी सड़क पर उतरे, अतिक्रमण हटाने के दिए कड़े निर्देश*
*पुलिस अधीक्षक ने मालवीय चौक का किया निरीक्षण, ठेले-दुकानें हटाने व यातायात नियमों के पालन का किया आदेश*
जबलपुर विशेष संवाददाता/आज जबलपुर नगर में यातायात को सुचारू एवं सुरक्षित बनाने की कार्यवाही के तहत पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय आज सड़क पर उतरे।
उन्होंने मालवीय चौक क्षेत्र में यातायात व्यवस्था का सीधे तौर पर जायजा लिया और अव्यवस्था फैलाने वाले अतिक्रमणों को तत्काल हटाने के कड़े निर्देश दिए एसपी श्री उपाध्याय ने यातायात थाना प्रभारी मालवीय चौक श्री अरुण पटेल एवं अन्य स्टाफ की उपस्थिति में चौराहे की व्यवस्था का अवलोकन किया।
· लेफ्ट टर्न को साफ रखने का आदेश: उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि चौराहों व तिराहों पर लेफ्ट टर्न को चाट-फुल्की या फलों के ठेलों द्वारा अवरुद्ध करने की स्थिति पर तुरंत अंकुश लगाया जाए। अतिक्रमण करने वाले व्यवसायियों को निर्धारित स्थानों पर ही लगाने के आदेश दिए गए।
· यातायात अवरोधों पर कार्रवाई: चौराहे व आस-पास के क्षेत्र में यातायात रुकावट पैदा करने वाले हर कारण को दूर करने के लिए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
· अव्यवस्थित वाहनों पर शिकंजा: गलत तरीके से खड़े किए गए वाहनों पर कड़ी कार्रवाई और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के भी निर्देश दिए गए।
एसपी श्री उपाध्याय ने कहा कि इन कदमों का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है। पुलिस प्रशासन का यह अभियान शहर के अन्य व्यस्त चौराहों पर भी जारी रहेगा।