*गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक*
*अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ने सौंपी अधिकारीयों को जिम्मेदारिया*
*बैठक में गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल का कार्यक्रम भी तय किया गया*
भोपाल विशेष रिपोर्टर/ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में इस वर्ष भी हर्षोल्लास के साथ गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। प्रदेश का मुख्य समारोह 26 जनवरी को जहाँगीराबाद स्थित लाल परेड मैदान में आयोजित होगा, जबकि गणतंत्र दिवस के आयोजनों का औपचारिक समापन 29 जनवरी को 'बीटिंग द रिट्रीट' समारोह के साथ होगा। इन आयोजनों की तैयारियों को लेकर सोमवार को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एस.ए.एफ.) श्री चंचल शेखर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। नवीन पुलिस मुख्यालय के सभाकक्ष में हुई इस बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
विस्तृत तैयारी एवं जिम्मेदारियाँ:श्री शेखर ने बैठक में अधिकारियों को गणतंत्र दिवस की गरिमा को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने परेड के लिए विभिन्न ईकाइयों से बल बुलाना, परेड मैदान की सफाई, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, दर्शकों एवं अतिथियों की बैठक व्यवस्था, झांकी तथा चिकित्सा व्यवस्था आदि के लिए विभिन्न अधिकारियों को स्पष्ट जिम्मेदारियाँ सौंपी।
साथ ही, 'बीटिंग द रिट्रीट' समारोह में बजने वाली धुनों के चयन, आतिशबाजी और विद्युत व्यवस्था संबंधी पहलुओं पर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
रीहर्सल का कार्यक्रम:बैठक में गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल का कार्यक्रम भी तय किया गया। परेड रिहर्सल 4 जनवरी से शुरू होगी, जबकि फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल 24 जनवरी को आयोजित की जाएगी।
'बीटिंग द रिट्रीट' का ऐतिहासिक महत्व:यह सैन्य व अर्धसैन्य बलों की एक प्राचीन परंपरा है। युद्ध के बाद जब सैन्य टुकड़ियाँ अपने शिविरों में लौटती थीं, तो तनाव कम करने के लिए बैंड वादन आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते थे। मध्य प्रदेश में इस वर्ष यह समारोह 29 जनवरी को मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
बैठक में उपस्थिति:इस बैठक में पुलिस महानिरीक्षक (एसएएफ) श्री इरशाद वली, उप पुलिस महानिरीक्षक (मध्य क्षेत्र) श्री ओमप्रकाश त्रिपाठी, सेनानी 7वीं वाहिनी श्री हितेश चौधरी सहित पुलिस मुख्यालय की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी, तथा लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य, शिक्षा, नगर निगम एवं महिला-बाल विकास विभाग के प्रतिनिधि मौजूद थे।