जबलपुर की 79 वर्षों की अखंड परंपरा: आज सजेगी भोले बाबा की भव्य बारात*
*20 से अधिक झांकियां और बैंड-बाजे संग निकलेगी शोभायात्रा*
*सोनकर खटीक समाज ने श्रद्धालुओं से की शामिल होने की अपील*
विशेष रिपोर्टर जबलपुर। संस्कारधानी आज एक बार फिर भगवान शिव की नगरी बन जाएगी। शहर की सबसे प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक शिव बारात शोभायात्रा का आयोजन आज शाम को किया जा रहा है। पिछले 79 वर्षों से अविरल चली आ रही इस परंपरा के तहत भरतीपुर स्थित शिव पार्वती मंदिर से यह भव्य बारात निकाली जाएगी।
इस वर्ष भी यात्रा में 20 से अधिक आकर्षक झांकियां और बैंड-बाजे शामिल होंगे, जो पूरे मार्ग में भक्तिमय रंग घोलेंगे। इस आयोजन के मुख्य आयोजक सोनकर (खटीक) समाज ने सभी श्रद्धालुओं और गणमान्य नागरिकों से भोले बाबा की बारात में चलकर आशीर्वाद लेने की अपील की है।
यात्रा मार्ग: यह शोभायात्रा भरतीपुर स्थित शिव पार्वती मंदिर से प्रारंभ होकर ओमती, मालवीय चौक, लाडगंज, चौक बड़ा फुहारा, कमानिया गेट, मिलोनिगज, हनुमान ताल, भानतलैया चौक और घमापुर होते हुए पुनः शिव पार्वती मंदिर में संपन्न होगी।
यह आयोजन न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि जबलपुर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण भी है। प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और आयोजकों ने भव्य स्वागत की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं।
