*स्वच्छता जागरूकता का संदेश उत्साह, मनोरंजन "राहगीरी डे” मनाया*
स्वच्छ सर्वेक्षण में जनभागीदारी को मिला नया आयाम, खुले आसमान के नीचे गतिविधियों का जमकर लिया आनंद
विशेष संवाददाता कटनी। नगर निगम कटनी द्वारा रविवार को आयोजित ‘राहगीरी डे’ ने स्वच्छता, स्वास्थ्य और मनोरंजन का ऐसा अद्भुत संगम पेश किया कि हजारों नागरिक एकजुट होकर ‘स्वच्छ भारत मिशन’ का हिस्सा बन गए। महारानी लक्ष्मीबाई वार्ड स्थित फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड के सामने मुख्य मार्ग पर आयोजित इस कार्यक्रम ने साबित कर दिया कि स्वच्छता जागरूकता को उत्साह नहीं, बल्कि मनोरंजक माध्यम से अधिक प्रभावी ढंग से फैलाया जा सकता है।
कार्यक्रम का मूल उद्देश्य स्वच्छ सर्वेक्षण में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाना था। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरन प्रीत कौर, मेयर इन काउंसिल के सदस्य सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी सहित पार्षदों, चिकित्सकों, उद्योगपतियों, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडरों और बड़ी संख्या में बच्चों व वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
योग से शुरुआत, फिटनेस और मस्ती का अद्भुत संगम
कार्यक्रम का शुभारंभ एक स्वास्थ्यपरक योग सत्र से हुआ, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके बाद साइक्लिंग, मुगदर प्रदर्शन, आत्मरक्षा शस्त्र प्रदर्शन और मैजिक शो ने सभी का मन मोह लिया। पारंपरिक खेलों – रस्सा खींच, स्केटिंग, म्यूजिकल चेयर, पेंटिंग, रंगोली, शतरंज, कैरम, सांप-सीढ़ी, रस्सी कूद, चम्मच-नींबू दौड़, बोरा दौड़ और लंगड़ी ने बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में उत्साह भर दिया।
आकर्षण का केंद्र रहे इको ब्रिक्स स्टॉल और एसएसजी समूह द्वारा अनुपयोगी कपड़ों से बने थैलों ने पुनर्चक्रण से सृजन की महत्वपूर्ण सीख दी।
रस्सा खींच में महिलाओं ने मारी बाजी
सबसे रोमांचक क्षण तब आया जब ‘रस्सा खींच’ प्रतियोगिता हुई। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, चिकित्सकों और उद्योगपतियों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। महिलाओं ने इस मुकाबले में पुरुषों को पीछे छोड़ दिया और अपने दमखम का लोहा मनवाया। चिकित्सकों और उद्योगपतियों ने साइक्लिंग का भी आनंद लिया।
जुंबा ने दी ऊर्जा
दिन का एक और हाइलाइट रहा ‘जुंबा’ सत्र। तेज धुनों पर प्रशिक्षकों के निर्देशन में युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने जमकर डांस किया और ‘फिटनेस के साथ स्वच्छता’ का जोरदार संदेश दिया। इस सत्र ने आयोजन में ऊर्जा का संचार कर दिया।
नुक्कड़ नाटक, नृत्य और सेल्फी पॉइंट
स्वच्छता जागरूकता पर नुक्कड़ नाटक, स्रोत पर कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध और जल संरक्षण जैसे मुद्दों पर नुक्कड़ नाटकों ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। वहीं, गीतांजलि कला केंद्र कटनी के कलाकारों ने मनमोहक छत्तीसगढ़ी नृत्य प्रस्तुत कर सबका दिल जीत लिया।
बच्चों का ध्यान अपनी ओर खींचने वाले गोरिल्ला और खरगोश के कार्टून कैरेक्टर ‘सेल्फी हॉटस्पॉट’ बने रहे। मैजिक और म्यूजिक शो पर तालियों की गड़गड़ाहट हुई, तो पारंपरिक खेलों ने बड़ों को उनका बचपन लौटा दिया।
विजेताओं को तुलसी का पौधा भेंट
प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों और स्वच्छता मित्रों को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी और निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया – जो पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति निगम की प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।
नगर निगम प्रशासन ने सभी नागरिकों, संस्थाओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर अधिकारियों ने कहा कि राहगीरी डे जैसे आयोजन न केवल मनोरंजन करते हैं, बल्कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग और स्थायी सामाजिक बदलाव के लिए जनसहभागिता की मजबूत नींव रखते हैं। रविवार की यह सुबह एक यादगार जन-उत्सव के तौर पर कटनीवासियों के दिलों में हमेशा बसी रहेगी।

