रेलवे स्टेशन सामूहिक हत्याकांड: 8 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी भोपाल से गिरफ्तार - Bhaskar Crime

Breaking

रेलवे स्टेशन सामूहिक हत्याकांड: 8 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी भोपाल से गिरफ्तार

रेलवे स्टेशन सामूहिक हत्याकांड: 8 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी भोपाल से गिरफ्तार 

GRP आमला ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष नजर रखी जा रही है 

विशेष संवाददाता बैतूल,  बोरदेही रेलवे स्टेशन पर एक युवक की सामूहिक पिटाई कर हत्या करने के मामले में जीआरपी आमला ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी सागर धुर्वे को भोपाल के जहाँगीराबाद से साइबर सेल और तकनीकी विश्लेषण की मदद से पकड़ा गया, जबकि अन्य फरार आरोपियों में से एक को तमिलनाडु के डिंडीगुल से गिरफ्तार किया गया।

क्या है मामला

घटना 1 जून 2026 की है। ट्रेन संख्या 19344 (कोरबा-इंदौर) में सवार अली खान (निवासी परतला, छिंदवाड़ा) का परासिया स्टेशन पर सागर नामक युवक से विवाद हो गया। इसके बाद बोरदेही स्टेशन पहुँचने पर सागर और उसके साथियों ने अली खान को ट्रेन से उतारकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। गंभीर चोटों के कारण अली खान की मौके पर ही मौत हो गई। स्टेशन प्लेटफॉर्म पर उनका शव मिला, जिसके बाद पुलिस ने जाँच शुरू की।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना के महज 6 घंटे के भीतर GRP आमला ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया:

1. कन्हैया उर्फ काली 2. अयान खान 3. अमित उर्फ जीनू उबनारे 4. नवीन पाटिल

इसके बाद तकनीकी विश्लेषण, साइबर सेल और मुखबिरों की सूचना के आधार पर शेष फरार आरोपियों की तलाश शुरू हुई।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी

· 12 जून 2026 को आरोपी कमलेश उर्फ बाबा रामदेव को तमिलनाडु के डिंडीगुल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

· 26 जून 2026 को मुख्य आरोपी सागर धुर्वे (पिता राजेंद्र धुर्वे, उम्र 25, निवासी महेरा मोहल्ला, बोरदेही, बैतूल) को भोपाल के जहाँगीराबाद से साइबर सेल की मदद से दबोचा गया।

अन्य गिरफ्तार आरोपियों में अंकुश कोराई, विधि बालक (नाबालिग) और अन्य शामिल हैं। सभी आरोपी वर्तमान में बैतूल जिला जेल में निरुद्ध हैं।

पुलिस ने की सराहनीय कार्रवाई

इस सफल अभियान में GRP आमला के निरीक्षक प्रमोद पाटील, सुरेश दाते, आरक्षी रविश यादव, दीपक रघुवंशी, कुलदीप, अनिल कुमरे, कमलेश कौशल, पवन यादव, साइबर सेल के अमित सक्सेना, संतोष पटेल, अरविंद पटेल और कंट्रोल रूम भोपाल के देवेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रेल पुलिस अधीक्षक भोपाल अंकित जायसवाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतू डावर, इटारसी के निर्देशन में पूरी कार्रवाई अमल में लाई गई।

मामला दर्ज और अग्रिम कार्रवाई

पुलिस ने धारा 103(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध क्रमांक 87/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की। घटनास्थल से लकड़ी के डंडे बरामद किए गए, जिनका इस्तेमाल हत्या में किया गया था। सभी आरोपियों को बैतूल की माननीय अदालत में पेश किया गया है।

GRP आमला ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए स्टेशनों और ट्रेनों में इस तरह की घटनाओं की रोकथाम के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही है।