ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा का भव्य शुभारंभ, 'हर घर तिरंगा' अभियान को मिला व्यापक जनसमर्थन
हजारों की संख्या में छात्र-छात्राओं, नागरिकों एवं अधिकारियों ने लिया भाग, बारिश में भी नहीं डिगा उत्साह
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज भोपाल, 9 अगस्त 2026। 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत आज राजधानी भोपाल के टी.टी. नगर स्टेडियम से एक ऐतिहासिक और भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुबह 9 बजे इस यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंच पर तिरंगा लहराकर युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
महात्मा गांधी के असहयोग आंदोलन की याद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि आज महात्मा गांधी के असहयोग आंदोलन की तरह ही देशभर में देशभक्त नागरिक तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांधीजी के 'भारत छोड़ो' आंदोलन ने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी और इसी संघर्ष के परिणामस्वरूप देश को आजादी मिली।
बारिश में भी नहीं डिगा युवाओं का जोश
तिरंगा यात्रा के दौरान मौसम ने करवट बदली और बारिश होने लगी, लेकिन इससे युवाओं के उत्साह पर कोई असर नहीं पड़ा। हाथों में तिरंगा लिए सैकड़ों युवाओं ने 'भारत माता की जय' के नारों के साथ यात्रा में भाग लिया। स्कूली व कॉलेज के छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों सहित हजारों नागरिकों ने इस यात्रा में कदमताल किया।
देशसेवा का संकल्प
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं से आजीवन देश की सेवा करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में देशभक्ति की अलख जगाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी लंबे संघर्ष, क्रांतिकारियों के बलिदान और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान का परिणाम है, और हमें इस पर्व को जिम्मेदारी व देशसेवा की भावना से मनाना चाहिए।
इस भव्य आयोजन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन भोपाल जिला पुरातत्व, पर्यटन और संस्कृति परिषद द्वारा किया गया।
9 से 17 अगस्त तक चलेगा अभियान
गौरतलब है कि 'हर घर तिरंगा' अभियान 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान तिरंगा यात्राओं, सांस्कृतिक एवं प्रेरक कार्यक्रमों और विविध रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।