यातायात पुलिस का अभियान: बिना लाइसेंस चल रहे ऑटो डील संचालकों पर शिकंजा, दर्जनों वाहन जब्त
![]() |
जबलपुर यातायात पुलिस विभाग के द्वारा 2026 में पहली बार की गई कार्रवाई पर हड़कंप
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज जबलपुर। शहर की सड़कों पर अवैध रूप से वाहनों की खरीद-बिक्री करने वाले ऑटो डील संचालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रसल चौक, जबलपुर हास्पिटल से चौथा पुल तक के क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बिना वैध लाइसेंस के संचालित हो रही कई ऑटो डील दुकानों पर छापा मारा और दुकानों के बाहर सड़क किनारे रखे दो पहिया वाहनों को जब्त कर चालानी कार्रवाई की।
क्यों हुई कार्रवाई
मोटर व्हीकल एक्ट 1988 की धारा 55 (क, ख, ग) के तहत किसी भी व्यक्ति को वाहनों की खरीद-बिक्री का व्यवसाय करने के लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) से वैध लाइसेंस प्राप्त करना अनिवार्य है। यातायात पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर में करीब 40 से अधिक ऑटो डील संचालक बिना इस अनिवार्य लाइसेंस के ही पुराने वाहनों की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। इसी के तहत आज की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने मुख्य रूप से निम्नलिखित ऑटो डील दुकानों पर कार्रवाई की:
· एजाज ऑटो डील· सलमान ऑटो डील
· जयहिंद ऑटो डील· अन्य संबंधित दुकानें भी किया जाएगा कारवाही
इन सभी दुकानों से अवैध रूप से रखे गए दो पहिया वाहनों को जब्त कर लिया गया। साथ ही, संचालकों को लाइसेंस बनवाने का नोटिस भी दिया गया है और उन्हें चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समयावधि में लाइसेंस प्राप्त नहीं किया गया तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चार पहिया वाहनों पर भी शिकंजा
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने जबलपुर हास्पिटल के आस-पास की सड़कों पर खड़े चार पहिया वाहनों पर भी नो-पार्किंग की कार्रवाई की। इन वाहनों के मालिकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए उन्हें वाहन हटाने के निर्देश दिए गए।
किन अधिकारियों के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुई। उनके निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) अखिलेश तिवारी ने इस अभियान की रूपरेखा तैयार की। वहीं, ट्रैफिक टीआई मनीष प्यासी एवं उनकी पूरी यातायात पुलिस टीम ने मौके पर जाकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस का संदेश
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। बिना लाइसेंस के ऑटो डील चलाने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी और सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों पर भी नकेल कसी जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी अवैध वाहन कारोबार की सूचना तुरंत यातायात पुलिस को दें ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
