*ख़ुशी योजना में विद्यार्थियों ने स्कूटी पाकर खुश हुई मेहनत को मिली नई रफ्तार,सपनों को मिली नई उड़ान*
7400 मेधावियों की मेहनत को मिली नई रफ्तार, CM यादव ने खुद चलाई स्कूटी
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज भोपाल। मध्य प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजधानी भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 'मुख्यमंत्री स्कूटी योजना' के तहत प्रदेशभर के 7,400 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी की सौगात दी। इस मौके पर सीएम यादव ने न केवल विद्यार्थियों से संवाद किया, बल्कि खुद स्कूटी चलाकर उनका उत्साह भी बढ़ाया।
70% अंक और स्कूल में टॉप होना जरूरी
इस बार योजना की पात्रता में बड़ा बदलाव किया गया है। अब लाभ लेने के लिए विद्यार्थी को कक्षा 12वीं में कम से कम 70% अंक हासिल करने होंगे और अपने स्कूल में प्रथम स्थान पर आना अनिवार्य है । पहली बार न्यूनतम 70% अंक की शर्त जोड़ी गई है। यह लाभ सभी संकायों के नियमित विद्यार्थियों को दिया जा रहा है।
पेट्रोल स्कूटी पर 90 हजार, ई-स्कूटी पर 1.20 लाख तक सहायता
योजना के तहत पात्र विद्यार्थी अपनी पसंद का वाहन चुन सकेंगे। पेट्रोल स्कूटी के लिए अधिकतम 90,000 रुपये और ई-स्कूटी के लिए अधिकतम 1,20,000 रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जा रही है । इस राशि में वाहन की एक्स-शोरूम कीमत के साथ रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस, दो हेलमेट और एसेसरीज का खर्च भी शामिल है।
CM ने सुनी विद्यार्थियों की आकांक्षाएं, खुद की राइड
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों का अवलोकन किया और उनसे सीधा संवाद किया। टॉपर खुशी राय ने सीएम को बताया कि वह बी.कॉम के साथ चार्टर्ड अकाउंटेंसी की तैयारी कर रही है और स्कूटी से कॉलेज आने-जाने में मदद मिलेगी । किसान परिवार से आने वाले आकाश साहू ने कृषि स्टार्टअप शुरू करने की अपनी योजना साझा की ।
सीएम यादव ने एक छात्रा की स्कूटी पर खुद बैठकर राइड का आनंद लिया और विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं । उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने की सलाह भी दी।
अब तक 23 हजार से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इस योजना से अब तक प्रदेश के 23,000 से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो चुके हैं, जिन पर करीब 246 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं । योजना को वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने के लिए 495 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है ।
सावधानी जरूरी: पहले खरीदी स्कूटी तो होगी कार्रवाई
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राशि खाते में आने से पहले वाहन खरीदना नियमों के खिलाफ होगा। ऐसा करने पर विद्यार्थी, उसके पालक और संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी । विद्यार्थी को डीलर से कोटेशन लेकर स्कूल प्राचार्य के माध्यम से DEO कार्यालय भेजना होगा, जिसके बाद ही राशि स्वीकृत होगी।
कार्यक्रम स्थल शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भोपाल
लाभार्थी 12वीं में 70%+ अंक और स्कूल में प्रथम स्थान
पेट्रोल स्कूटी सहायता अधिकतम ₹90,000
ई-स्कूटी सहायता अधिकतम ₹1,20,000
अब तक लाभान्वित 23,000+ विद्यार्थी
कुल खर्च ₹246 करोड़
