*हनीट्रैप का सनसनीखेज मामला, पुलिस ने जाल बिछाकर युवती को रंगे हाथ दबोचा*
"युवती के बैग से 2.5 लाख रुपए नकद जब्त"
व्यापारी को बुलाया गया था होटल में, धमकी देकर वसूली की कोशिश
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपाल सदन स्थित कदम ट्री होटल में हनीट्रैप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्वारीघाट निवासी व्यापारी सार्थक सिंह ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि वर्ष 2025 से उनका परिचय उक्त युवती से था। युवती द्वारा उन्हें लगातार अनुचित दबाव बनाकर धन की वसूली की जा रही थी।
रविवार की शाम को धमकाते हुए व्यापारी को दमोहनाका गोपाल सदन होटल कदम ट्री बुलाया गया था। पीड़ित की सूचना पर तत्काल सक्रिय हुई पुलिस टीम ने होटल में घेराबंदी कर दबिश दी। अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक आरोपित युवती को रंगे हाथ धर दबोचा।
चूंकि उक्त होटल रहवासी क्षेत्र में है, जैसे ही कार्रवाई की खबर लगी, वैसे ही क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार सरगर्म हो गया। थाना कोतवाली टीआई के नेतृत्व में शुरू हुए तलाशी अभियान में आरोपी युवती के पास मौजूद बैग से 2.5 लाख रुपए नकद जब्त किए गए हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी मानस द्विवेदी ने बताया कि केस दर्ज किया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी युवती अकेले काम कर रही थी या इस मामले में कोई और भी शामिल है। फिलहाल पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
