74वां पंजाबी दशहरा महोत्सव: 75 फुट ऊंचे रावण-कुंभकरण पुतलों का दहन करेंगे श्री राम - Bhaskar Crime

Breaking

74वां पंजाबी दशहरा महोत्सव: 75 फुट ऊंचे रावण-कुंभकरण पुतलों का दहन करेंगे श्री राम

*74वां पंजाबी दशहरा महोत्सव: 75 फुट ऊंचे रावण-कुंभकरण पुतलों का दहन करेंगे श्री राम*

    19 अक्टूबर शाम को गौरीघाट में भव्य आयोजन 

 पंजाबी हिंदू एसोसिएशन की बैठक में लिया गया निर्णय, आकर्षक आतिशबाजी की तैयारियां शुरू

विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज  // संस्कारधानी की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जबलपुर पंजाबी हिंदू एसोसिएशन के तत्वाधान में मीडिया प्रभारी उमेश शर्मा ने बताया कि इस वर्ष 74वां पंजाबी दशहरा महोत्सव सोमवार, 19 अक्टूबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस बार यह भव्य आयोजन शासकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय, गौरीघाट में किया जाएगा।

75 फुट ऊंचे होंगे रावण और कुंभकरण के पुतले

इस वर्ष दशहरा उत्सव का मुख्य आकर्षण 75 फुट ऊंचे रावण और कुंभकरण के पुतले होंगे, जिनका दहन स्वयं श्री राम के द्वारा किया जाएगा। यह आयोजन संस्कारधानी की परंपरा के अनुरूप पिछले वर्षों की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं और दर्शकों के लिए यादगार बनाया जाएगा।

अध्यक्ष नरेंद्र पाल मालिक की अध्यक्षता में हुई बैठक

इस संबंध में पंजाबी हिंदू एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक अध्यक्ष नरेंद्र पाल मालिक की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ सदस्य नरेश ग्रोवर, इंदर विरमानी, राजीव ओबेरॉय, उमेश शर्मा, अंशुल मलिक, डॉ. सुनील बहल, संजय अरोरा, पंकज सेठी, प्रमोद मरवाह, भारत कपूर, दीपक वर्मा, सुधीर मेहता और सुशील आनंद सहित महिला समिति एवं यूथ क्लब के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

आकर्षक आतिशबाजी की तैयारियां शुरू

बैठक में सभी पदाधिकारियों ने पंजाबी दशहरे की तैयारियों को जोरों-शोरों से मनाने पर अपने-अपने विचार रखे। सभी ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस वर्ष पंजाबी दशहरा की आतिशबाजी अत्यंत आकर्षक रखी जाएगी, जिसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शीघ्र ही आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन भी किया जाएगा।

उत्सव का महत्व: उल्लेखनीय है कि जबलपुर का पंजाबी दशहरा महोत्सव शहर की सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है, जिसे देखने के लिए हर वर्ष हजारों की संख्या में श्रद्धालु और दर्शक गौरीघाट पहुंचते हैं। 74वें वर्ष में प्रवेश कर रहे इस महोत्सव को लेकर शहरवासियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।