चंद मिनटों में पुलिस ने दबोचे 3 लुटेरे, छीनी चांदी की चेन-ब्रेसलेट और नगदी बरामद
SP के सख्त निर्देश पर विजय नगर पुलिस की तेज कार्रवाई, CCTV फुटेज से पहचान, 
घटना में प्रयुक्त एक्सिस भी जब्त
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज जबलपुर। शहर में बढ़ते अपराध पर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के सख्त निर्देशों के बाद विजय नगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चांदी की चेन, ब्रेसलेट और नगदी लूटने वाले 3 आरोपियों को दबोच लिया है। आरोपियों के कब्जे से छीनी गई चांदी की चेन, ब्रेसलेट, नगदी और घटना में प्रयुक्त एक्सिस बाइक जब्त की गई है।
क्या है पूरा मामला
जबलपुर के थाना विजयनगर में दिनांक 17-11-26 की रात शिवा केवट (24 वर्ष) निवासी कटरा अधारताल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह फर्नीचर का काम करता है। दिनांक 16-11-26 को वह अपने मोबाइल की किस्त जमा करने के लिए समीर मोबाइल दुकान, चंगुगीनाका आया था। किस्त जमा करने के बाद वह अपनी मोटरसाइकिल से घर जा रहा था। घड़ी चौक, स्कीम नंबर 5, गरवा ग्राउंड के पास पीछे से बिना नंबर की ब्लू रंग की एक्सिस में सवार होकर 3 लड़के आए और उसकी मोटरसाइकिल के सामने एक्सिस लगा दी।
इसके बाद 2 लड़के उतरकर उसके पास आए। एक लड़के ने उसकी गर्दन पकड़कर पहनी हुई चांदी की चेन छीन ली, जबकि दूसरे लड़के ने हाथ में पहना हुआ चांदी का ब्रेसलेट उतारकर जेब में रख लिया। आरोपियों ने उसकी जेब से 1 हजार 950 रुपये भी छीन लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे धक्का दिया और मोटरसाइकिल की चाबी निकालकर कुछ दूर दाहिनी तरफ फेंक दी। इसके बाद तीनों घड़ी चौक की तरफ एक्सिस से फरार हो गए। तीनों की उम्र 18 से 20 वर्ष के बीच बताई गई। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 0553/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
SP के निर्देश पर गठित हुई टीम
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के आदेश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़ (भा.पु.से.) और नगर पुलिस अधीक्षक माढोताल उमेश तिवारी के मार्गनिर्देशन में थाना प्रभारी विजय नगर धीरज राज के नेतृत्व में टीम गठित कर लगाई गई।
CCTV फुटेज से पहचान, मुखबिर की सूचना पर दबिश
गठित टीम ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मिले फुटेज के आधार पर आरोपियों को चिन्हित किया गया। इसके बाद विश्वसनीय मुखबिर की सूचना पर दबिश देते हुए तीनों आरोपियों को अभिरक्षा में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. अनूप श्रीपाल पिता रघुनाथ श्रीपाल, उम्र 18 वर्ष, निवासी चुंगी नाका, शिव शक्ति नगर, राजा बदा वाली गली, थाना माढ़ोताल
2. कृष्णा पटेल पिता राजेश पटेल, उम्र 18 वर्ष, निवासी मदर टेरेसा, वृंदावन कॉलोनी, माढ़ोताल
3. संतोष चौधरी पिता हीरालाल चौधरी, उम्र 22 वर्ष, निवासी बाबा बर्फानी के पास, थाना माढ़ोताल
पूछताछ में कबूला अपराध
तीनों आरोपियों से पूछताछ करने पर उन्होंने उपरोक्त घटना करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर छीने गए चांदी की चेन, ब्रेसलेट और नगदी रुपयों में से 400 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त एक्सिस बाइक जब्त की गई। आरोपियों को प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार किया गया है।
उल्लेखनीय भूमिका
लुटेरों को पकड़ने में थाना प्रभारी विजय नगर धीरज राज के नेतृत्व में उप निरीक्षक ब्रजेन्द्र तिवारी, आदित्य और विक्रम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस तेज कार्रवाई से शहर में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है और आम जनता ने पुलिस की सराहना की है।