*खिताबी हैट्रिक: महिला आरक्षक रंजना शर्मा ने नेशनल मास्टर एथलेटिक्स में जीते तीन गोल्ड*
![]() |
विशेष रिपोर्टर जबलपुर। इंजीनियरिंग कॉलेज मैदान पर 13 से 15 फरवरी तक आयोजित 45वीं नेशनल मास्टर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2026 में जिले की एक महिला आरक्षक ने इतिहास रच दिया है। जबलपुर जिले में पदस्थ महिला आरक्षक रंजना शर्मा ने न केवल अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, बल्कि तीन स्वर्ण पदक जीतकर जबलपुर पुलिस का नाम पूरे देश में रोशन कर दिया।
प्रतियोगिता के चार इवेंट्स में हिस्सा लेते हुए रंजना शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैमर थ्रो, जैवलिन थ्रो और शॉटपुट स्पर्धाओं में गोल्ड मेडल अपने नाम किए। वहीं डिस्कस थ्रो इवेंट में उन्होंने सिल्वर मेडल हासिल कर अपनी ऑलराउंड एथलीट होने की छवि को मजबूत किया। चार इवेंट्स में तीन गोल्ड और एक सिल्वर की यह उपलब्धि चैंपियनशिप की सबसे चर्चित रही।
उनकी इस शानदार सफलता पर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में रंजना शर्मा को सम्मानित किया। एसपी सर ने मेडल पहनाकर उनका उत्साहवर्धन करते हुए कहा, "आपने जबलपुर पुलिस ही नहीं, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश पुलिस का देश में नाम रोशन किया है। यह गौरव की बात है कि हमारी टीम की सदस्य ने राष्ट्रीय स्तर पर यह सफलता हासिल की। मुझे पूरा विश्वास है कि आप भविष्य में भी इसी तरह खेल भावना और समर्पण के साथ नई ऊंचाइयों को छूती रहेंगी।"
रंजना शर्मा की इस उपलब्धि से पूरे पुलिस महकमे में खुशी का माहौल है। उनके साथियों और अधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
