*महिला से 5 तोला सोने का हार लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान*
जबलपुर। थाना माढोताल पुलिस ने एक महिला से सोने का हार लूटकर फरार हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा हुआ लगभग 7 लाख रुपये मूल्य का 5 तोला सोने का हार एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ( के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता एवं नगर पुलिस अधीक्षक माढोताल भगत सिह गोठरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिह पवार के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता हासिल किया
घटना 9 फरवरी की रात की है, जब श्रीमती मीना सोनी (53) अपने देवर के घर बजरंग नगर, कटंगी रोड जा रही थीं। तभी मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनका सोने का हार झपट लिया और फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर अपराध क्रमांक 196/26 धारा 309(4) बीएनएस पंजीबद्ध किया गया।
टीम ने आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण के बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। मुखबिर की सूचना पर दीनदयाल बस स्टैंड के पास से आरोपियों प्रिंस हल्दकार (21) और तनिष्क कोरी (20), दोनों निवासी कंचनपुर, अधारताल को मोटरसाइकिल (एमपी 20 जेड क्यू 9134) सहित दबोच लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी तनिष्क की निशानदेही पर मोटरसाइकिल के टूल बॉक्स में छिपाकर रखा गया लूट का हार बरामद कर लिया गया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पवार, उनि संजय सिंह, सउनि विजय शुक्ला, आरक्षक सचिन मेहरा, विनय सिंह, निकेश कुमार, कुनाल यादव, साइबर सेल से उनि कपूर सिंह मरावी, अजय सिंह तथा साइबर हेल्प डेस्क से आरक्षक आदित्य परस्ते की सराहनीय भूमिका रही।
