रिमझिम बारिश ने खोली सड़कों की ‘पोल’,मेकअप उतरा तो भ्रष्टाचार हुआ बेनकाब
जबलपुर की सड़कें बारिश की फुहार में ही उखड़ीं, आम जनता का पैसा धूल में मिला
(Manoj Vishwakar= Editor)
क्राइम भास्कर न्यूज जबलपुर, मध्य प्रदेश में इन दिनों मानसून ने अपना पूरा जोर दिखाया है, लेकिन जबलपुर में पिछले दिनों से हो रही रिमझिम बारिश ने शहर की नई बनी सड़कों का असली चेहरा सामने ला दिया है। कुछ ही दिनों पहले जिन सड़कों पर चमकदार कोटिंग (लेप) कर शहर को संवारा गया था, वही सड़कें अब बारिश की बूंदों के साथ ही उखड़ने लगी हैं। यह नजारा साफ बताता है कि सड़कों पर जो ‘मेकअप’ किया गया था, वह महज दिखावटी था, और अब जब असली परीक्षा का समय आया, तो यह पूरी तरह धुल गया।
![]() |
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह सड़कें कुछ ही हफ्ते पहले बनकर तैयार हुई थीं, और उस वक्त इन्हें इतना चमकाया गया था मानो नई दुल्हन को सजाया गया हो। लेकिन जैसे ही बारिश की पहली बौछार पड़ी, सड़कों पर लगा हुआ लेप (कोटिंग) पिघल गया और वहीं बिखर गया। अंधेरे में रातों-रात किए गए इस ‘मेकअप’ की असलियत अब सामने आ गई है। लोगों का कहना है कि सड़कों की इस दुर्दशा से साफ पता चलता है कि विकास के नाम पर जनता के पैसे का किस तरह दुरुपयोग हुआ है। गुणवत्ता पर सवाल उठते हुए नागरिकों का कहना है कि यह महज एक ‘अंधेरों का काम’ था, जिसमें भ्रष्टाचार की बू आ रही है।
प्रशासन और नगर निगम अब इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं, लेकिन आम जनता इस हालात से काफी नाराज है। मांग उठ रही है कि ऐसी सब-स्टैंडर्ड सड़कों की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस बारिश ने साफ कर दिया है कि शहर के ‘विकास’ की चमक-दमक असली नहीं, बल्कि एक सतही दिखावा मात्र थी, जो अब पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है।
· रिमझिम बारिश से जबलपुर की नई सड़कें उखड़ी।
· घमापुर-अंबेडकर चौक मार्ग पर कोटिंग पूरी तरह बिखरी।
· रातों-रात किए गए ‘मेकअप’ का भंडाफोड़ हुआ।
· जनता ने भ्रष्टाचार और गुणवत्ता पर उठाए सवाल।
· प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ा।

