मुखबिर की सूचना पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 7 शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, 15 लाख रुपये का माल जप्त
हनुमानताल पुलिस की बड़ी सफलता, 13 दुपहिया वाहन और 5 मोबाइल बरामद, चाकू भी जब्त
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज जबलपुर। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देशन में शहर में लूट, झपटमारी, नकबजनी और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना हनुमानताल पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 7 शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक विधिविवादित 17 वर्षीय बालक भी शामिल है। इनके कब्जे से चुराए गए 13 दुपहिया वाहन, झपटे गए 5 मोबाइल फोन तथा चाकू समेत लगभग 15 लाख रुपये कीमत का माल जप्त किया गया है।
पहला एक्शन: कब्रिस्तान में दबिश, 4 शातिर दबोचे
थाना हनुमानताल में दिनांक 17/9/26 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि 4 लड़के रात्रि में घूम-घूम कर वाहन चोरी करते हैं और लोगों के मोबाइल फोन झपटमारी कर छीन लेते हैं। चारों चोरी की गई मोटर साइकिलें लेकर मोबाइल छीनने तथा मोटर साइकिल चोरी करने के लिए घूम रहे हैं और अभी चारों मण्डी मदार टेकरी के कब्रिस्तान गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर थाना हनुमानताल की टीमों द्वारा कब्रिस्तान के अंदर दबिश दी गई। बजू खाना के पास चार दुपहिया वाहनों में चार लड़के बैठे दिखे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम-पते बताए:
1. अयान उर्फ अल्लू खान पिता लियाकत अकबर, उम्र 18 वर्ष, निवासी 10 नल के पास गाजीनगर हनुमानताल
2. सोहेल उर्फ गुलाम गौस पिता अजमेरी उर्फ चुनैया घोड़ी बाला, उम्र 20 वर्ष, निवासी टेढ़ीनीम पहाड़ी के ऊपर पावर हाउस, हनुमानताल
3. मुजम्मिल कुरैशी पिता इकराम कुरैशी, उम्र 19 वर्ष, निवासी टेढ़ीनीम कुआ मस्जिद के पास, हनुमानताल
4. मुदस्सिर कुरैशी पिता इकराम कुरैशी, उम्र 18 वर्ष, निवासी टेढ़ीनीम कुआ मस्जिद के पास, हनुमानताल
तलाशी लेने पर चारों के पास से चार मोबाइल रखे मिले। चारों से चारों दुपहिया वाहन एवं मोबाइल के संबंध में पूछताछ करने पर चारों ने चारों दुपहिया वाहन विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी करना तथा मोबाइल फोन लोगों से झपट कर भाग जाना स्वीकार किया।
जप्त सामग्री (पहला एक्शन):
· अयान उर्फ अल्लू खान से: एक चोरी की एक्टीवा, रियल मी कंपनी का मोबाइल फोन तथा एक लोहे का 555 तेजधार वाला चाकू
· सोहेल उर्फ गुलाम गौस से: मोटर साइकिल आर-15, मोटर साइकिलों की चाबियों का गुच्छा, फिरोजी रंग का मोटोरोला कंपनी का मोबाइल
· मुजम्मिल कुरैशी से: हीरो होंडा मोटर साइकिल एमपी 20 एनई 0705, 2 मोबाइल फोन, चाबियों का गुच्छा (जिसमें 10 चाबियां हैं)
· मुदस्सिर कुरैशी से: पैशन प्रो गाड़ी एमपी 20 एनवी 7248, ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन, एक तेजधार वाला बायर कटर
सघन पूछताछ पर चारों ने 4 अन्य मोटर साइकिलें चुराकर अपने-अपने घरों के पास कुलिया व पहाड़ी में पावर हाउस के पास छिपाकर रखना बताया। चारों की निशादेही पर छिपाकर रखी चुराई हुई 4 अन्य मोटर साइकिलें जप्त की गईं। चारों आरोपी आपराधिक प्रकृति के हैं तथा चोरी करने के अभ्यस्त हैं और टोली बनाकर एक साथ शहर में घूम-घूम कर वाहन चोरी करते हैं। आरोपियों के विरुद्ध धारा 313 भा. न्या. संहिता, 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत कार्यवाही की गई।
दूसरा एक्शन: बकरा मार्केट भानतलैया से 3 और दबोचे
इसी प्रकार विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि बकरा मार्केट भानतलैया में 3 लड़के चोरी की एक्टीवा लिए खड़े हैं। सूचना पर दबिश देते हुए:
1. फैजान उर्फ फिज्जू खान पिता नसीम खान, उम्र 18 वर्ष, निवासी काली चाय वाले के पीछे चारखम्भा गोहलपुर
2. मोईन उर्फ सुरमेश अंसारी पिता सलीम अंसारी, उम्र 18 वर्ष, निवासी टेढ़ीनीम दरगाह के पास हनुमानताल
3. एक 17 वर्षीय विधिविवादित बालक
को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर ली हुई एक्टीवा चोरी की होना स्वीकार करते हुए अन्य 4 और वाहन चुराकर घर के पास रखना बताया। तीनों के कब्जे से 1 एक्टीवा एवं निशादेही पर चुराई हुई अन्य 4 दुपहिया वाहन जप्त किए गए।
जप्त वाहनों में से एक हनुमानताल क्षेत्र से चोरी होना पाया गया, जिस पर थाना हनुमानताल में अप क्रमांक 671/2026 धारा 303(2) बी एन एस पंजीबद्ध होना पाया जाने पर उपरोक्त तीनों की उपरोक्त प्रकरण में विधिवत गिरफ्तारी करते हुए तीनों के विरुद्ध पृथक से इस्तगासा क्रमांक 8-9/2026 धारा 35(1) ई बी एन एस एस/303(2) बी एन एस, एस के तहत कार्यवाही की गई।
अपराध का तरीका (मॉडस ऑपरेंडी)
चारों आरोपी एक साथ खाते-पीते तथा नशा करते हैं। चारों भीड़-भाड़ वाली जगह पर खड़ी मोटर साइकिल या स्कूटर का मास्टर चाबी से लॉक खोलकर तथा लॉक चाबी से नहीं खुलने पर हैंडल में पैर लगाकर गाड़ी का लॉक तोड़ते हुए गाड़ी के वायर को काटकर डायरेक्ट करके गाड़ी चुरा लेते हैं तथा उसी चोरी की गाड़ी से घूम-घूम कर मोबाइल झपटते हैं।
पतासाजी में जुटी पुलिस, कई थाना क्षेत्रों से चोरी हुए वाहन
पतासाजी करने पर उपरोक्त सभी चुराए गए वाहन थाना ग्वारीघाट, कैंट, लॉर्डगंज, कोतवाली, विजय नगर, गोरखपुर, मदनमहल से चोरी करना ज्ञात हुआ है। वाहन मालिकों के संबंध में पतासाजी की जा रही है।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड,उल्लेखनीय है
· गुलाम गौस उर्फ सोहेल के विरुद्ध अवैध वसूली, चोरी, मारपीट के 8 अपराध
· मुद्दसिर के विरुद्ध पूर्व से अवैध वसूली एवं मारपीट के 4 अपराध
· मुज्जम्मिल के विरुद्ध चोरी, अवैध वसूली, मारपीट, आर्म्स एक्ट के 5 अपराध
· फैजान के विरुद्ध झपटमारी, चोरी के पूर्व से 3 अपराध
· मुईन के विरुद्ध झपटमारी, चोरी के पूर्व से 3 अपराध
· 17 वर्षीय विधि विवादित बालक के विरुद्ध पूर्व से चोरी, मारपीट, अवैध वसूली के 4 अपराध
सराहनीय भूमिका
वाहन चोरों को गिरफ्तार कर चुराए हुए वाहन एवं झपटे हुए मोबाइल जप्त करने में थाना प्रभारी हनुमानताल सुभाष चंद बघेल के नेतृत्व में उप निरीक्षक राजेश पांडे, उप निरीक्षक रोहणी शुक्ला, सहायक उप निरीक्षक राजेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक विनीत श्रीवास, सादिक अली, अजय डबराल, राजेन्द्र द्विवेदी तथा आरक्षक सुरेन्द्र बरकडे की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक का निर्देश
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) द्वारा जिले में पदस्थ अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को लूट, झपटमारी, नकबजनी, वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु जेल से रिहा हुए सम्पत्ति संबंधी अपराधियों एवं पूर्व में पकड़े गए संपत्ति संबंधी अपराधियों से सघन पूछताछ एवं उनकी गुजर-बसर की जांच तथा घटित हुई चोरी एवं नकबजनी में आरोपियों की पतासाजी करते हुए चोरी गए मशरूका की बरामदगी हेतु आदेशित किया गया है।
आदेश के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़ (भा.पु.से.) के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर शुभम सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हनुमानताल सुभाष चंद बघेल के नेतृत्व में 1 विधिविवादित बालक सहित 7 शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार करते हुए चुराए हुए 13 दुपहिया वाहन एवं झपटे हुए 5 मोबाइल कीमती 15 लाख रुपये के जप्त किए गए हैं।
· 7 शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, 1 विधिविवादित बालक शामिल
· 13 दुपहिया वाहन एवं 5 मोबाइल जप्त, कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये
· चाकू, बायर कटर और चाबियों के गुच्छे भी बरामद
· ग्वारीघाट, कैंट, लॉर्डगंज, कोतवाली, विजय नगर, गोरखपुर, मदनमहल थाना क्षेत्रों से चोरी हुए वाहन
· आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है