निगमायुक्त का सुबह सुबह निरीक्षण: हनुमानताल के आस-पास और घाटों की सफाई व्यवस्था करने के दिए निर्देश - Bhaskar Crime

Breaking

निगमायुक्त का सुबह सुबह निरीक्षण: हनुमानताल के आस-पास और घाटों की सफाई व्यवस्था करने के दिए निर्देश

*हनुमानताल के आस-पास और घाटों की सफाई व्यवस्था करने के दिए निर्देश*

*हनुमानताल और संजय गांधी वार्ड के ठेकेदारों पर जुर्माना, अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी*

सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी, नालों को कवर करने के मौके पर ही निर्देश

विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज जबलपुर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यप्रद बनाने के उद्देश्य से नगर निगम लगातार प्रभावी कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में दिनांक 19 सितंबर को निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने खेरमाई, हनुमानताल, संजय गांधी वार्ड तथा अब्दुल हमीद वार्ड के अंतर्गत आने वाली विभिन्न बस्तियों, कॉलोनियों, स्कूल परिसरों एवं संजीवनी क्लिनिक परिसर का सघन निरीक्षण किया।

हनुमानताल और रजा चौक में मिली सफाई में ढिलाई

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने पाया कि हनुमानताल तालाब एवं रजा चौक क्षेत्र में सफाई व्यवस्था में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। इस पर उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित सफाई ठेकेदारों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र के प्रभारी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया।

जनस्वास्थ्य से समझौता नहीं: निगमायुक्त

निगमायुक्त अहिरवार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनस्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि लापरवाही करने वाले ठेकेदारों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जलभराव रोकने के लिए नालों की सफाई पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने वर्षा और आम दिनों में जलभराव रोकने के लिए क्षेत्र के छोटे-बड़े नाले-नालियों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को वार्डों के खुले नालों को कवर करने के निर्देश मौके पर ही दिए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और स्वच्छता बनी रहे।

हनुमानताल तालाब की सफाई दुरुस्त करने के निर्देश

निगमायुक्त ने हनुमानताल तालाब की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाब के आस-पास और घाटों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

पार्षदों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षदों एवं अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला। स्थानीय वार्ड पार्षद कलीम खान एवं आयशा परवीन ने भी निरीक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाई।

प्रमुख रूप से उपस्थित रहे अधिकारी

इस अवसर पर स्थानीय वार्ड पार्षद कलीम खान एवं आयशा परवीन, अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, अशफाक परवेज कुरैशी, उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा सहित नगर निगम के अन्य विभागीय अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

· हनुमानताल और संजय गांधी वार्ड के सफाई ठेकेदारों पर जुर्माना

· संबंधित क्षेत्र के प्रभारी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी

· हनुमानताल तालाब एवं नाले-नालियों की सफाई दुरुस्त करने के निर्देश

· वार्डों के खुले नालों को कवर करने के मौके पर दिए निर्देश

· जनस्वास्थ्य और स्वच्छता में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं