कलेक्टर के अचानक निरीक्षण से हड़कंप, रीडर की टेबल पर रखी बंटवारा नस्ती खुद जांची - Bhaskar Crime

Breaking

कलेक्टर के अचानक निरीक्षण से हड़कंप, रीडर की टेबल पर रखी बंटवारा नस्ती खुद जांची

*कलेक्टर के अचानक निरीक्षण से हड़कंप, रीडर की टेबल पर रखी बंटवारा नस्ती खुद जांची*

*कलेक्टर का एक्शन तहसील में व्यवस्थाओं की पोल खुली, नायब तहसीलदार और रीडर को नोटिस*

हड़कंप मचा, कलेक्टर ने रीडर की टेबल से उठाई बंटवारा नस्ती और मौके पर ही कराई कमियां पूर्ण

विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज कटनी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को कलेक्टर आशीष तिवारी ने विजयराघवगढ़ संयुक्त तहसील का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण की भनक लगते ही तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। कलेक्टर ने बिना किसी पूर्व सूचना के सीधे नायब तहसीलदार न्यायालय पहुंचकर लंबित प्रकरणों की स्थिति का जायजा लिया और व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी।

नागरिकों से सीधे संवाद, समस्याओं का लिया जायजा

कलेक्टर श्री तिवारी ने राजस्व कार्यों, लंबित प्रकरणों, अभिलेखों के रखरखाव और नागरिकों से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने तहसील कार्यालय पहुंचे नागरिकों के पास स्वयं जाकर उनके आने का कारण पूछा और उनकी समस्याएं सुनीं। नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।

जहां कमी दिखी, वहीं तय हुई जवाबदेही

निरीक्षण के दौरान फर्द-बंटवारा एवं नक्शा प्रदर्शित नहीं किए जाने, अभिलेखों में नायब तहसीलदार के हस्ताक्षर नहीं होने तथा पद-मुद्रा की सील नहीं लगी होने पर कलेक्टर श्री तिवारी ने गहरी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने एसडीएम विजयराघवगढ़ श्रीमती निधि सिंह गोहल को नायब तहसीलदार श्री प्रेमलाल चौधरी एवं रीडर श्री मोहम्मद यूसुफ सिद्दीकी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

रीडर की टेबल पर रखी बंटवारा नस्ती खुद जांची

कलेक्टर ने रीडर की टेबल पर रखी बंटवारा नस्तियों में से एक प्रकरण को स्वयं उठाकर देखा। इसमें कई कमियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और अपने सामने ही प्रकरण की कमियां पूर्ण कराईं। तहसीलदार से आवश्यक हस्ताक्षर करवाकर पद-मुद्रा की सील भी लगवाई। उन्होंने बंटवारा कार्यवाही नियमानुसार और सही तरीके से करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर जोर

कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि लंबित राजस्व प्रकरणों को प्राथमिकता से लेते हुए उनका समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अभिलेखों के व्यवस्थित एवं सुरक्षित रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया।

वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर, वन मंडलाधिकारी श्री गर्वित गंगवार, एसडीएम विजयराघवगढ़ श्रीमती निधि सिंह गोहल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

· कलेक्टर का बिना सूचना विजयराघवगढ़ तहसील में औचक निरीक्षण

· नागरिकों से सीधे संवाद कर लिया समस्याओं का जायजा

· फर्द-बंटवारा, नक्शा, हस्ताक्षर और सील में लापरवाही पर नाराजगी

· नायब तहसीलदार और रीडर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

· रीडर की टेबल से बंटवारा नस्ती उठाकर खुद जांची, मौके पर कराई कमियां पूर्ण

· लंबित प्रकरणों के समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर जोर