*गणेश पंडाल में करंट से युवक की मौत, परिजनों ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर*
आयोजक-टेंट संचालक-इलेक्ट्रिशियन पर FIR की मांग
धनवंतरि इलाके की घटना, संजीवनी नगर थाना क्षेत्र का मामला
शौर्य चनपुरिया की मौत से आक्रोश, साक्ष्य छेड़छाड़ की आशंका जताई
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र के धनवंतरि इलाके में गणेश पंडाल के दौरान करंट की चपेट में आने से युवक शौर्य चनपुरिया की मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। मृतक के परिवार और स्थानीय लोगों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को ज्ञापन सौंपकर गणेश पंडाल समिति के आयोजक हितेश काकोडे (मामा), संबंधित टेंट संचालक, विद्युत व्यवस्था से जुड़े इलेक्ट्रिशियन समेत अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
शिकायत में क्या कहा गया
परिजनों की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि घटना गंभीर एवं संज्ञेय प्रकृति की है। आशंका जताई गई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो महत्वपूर्ण साक्ष्यों से छेड़छाड़ तथा गवाहों को प्रभावित किए जाने की संभावना है।
प्रमुख मांगें
· घटनास्थल का तत्काल निरीक्षण कर फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी एवं वैज्ञानिक साक्ष्य सुरक्षित कराना।
· जिम्मेदारों से पूछताछ तथा जांच में दोष सामने आने पर गिरफ्तारी।
· भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) सहित अन्य उपयुक्त धाराओं में कार्रवाई।
· पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाना।
· निष्पक्ष जांच और वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करना।
ज्ञापन सौंपने वालों में शामिल
दिपेश शाह (टिंकल) सुनील अग्निहोत्री (मामा), हनी गुरनानी, दिव्यांश सिंह, भाव्य मंधवानी, अनंत शिवहरे, सूर्यांश गुप्ता, शौर्य दुबे, पर्व अग्रवाल, निमिष ताम्रकार, लकी अर्जानी, अथर्व गुप्ता, यश ठाकुर, राज ठाकुर, अथर्व यादव, अनंत मिश्रा, सात्विक दुबे, देवांश जैन, अमन तिवारी, विनय तिवारी और विशाल तिवारी।
आगे की कार्रवाई
पुलिस सूत्रों के अनुसार ज्ञापन मिलने के बाद मामले की जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परिजनों ने जल्द से जल्द दोषियों पर कार्रवाई की मांग दोहराई है।