नर्मदा महोत्सव 24-25 अक्टूबर को: कलेक्टर ने दिए सुरक्षा, पार्किंग और तैयारियों के सख्त निर्देश - Bhaskar Crime

Breaking

नर्मदा महोत्सव 24-25 अक्टूबर को: कलेक्टर ने दिए सुरक्षा, पार्किंग और तैयारियों के सख्त निर्देश

नर्मदा महोत्सव 24-25 अक्टूबर को: कलेक्टर ने दिए सुरक्षा, पार्किंग और तैयारियों के सख्त निर्देश

कलेक्टर ने कलाकारों को शहर की खूबियों से कराएं परिचित

विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज जबलपुर में आयोजित होने वाले नर्मदा महोत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में पुलिस, नगर निगम, विद्युत, स्वास्थ्य, पर्यटन, जिला पंचायत और राजस्व विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जबलपुर: 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले नर्मदा महोत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने बुधवार को पुलिस, नगर निगम, विद्युत, स्वास्थ्य, पर्यटन, जिला पंचायत और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने महोत्सव की सुरक्षा, पार्किंग व्यवस्था और अन्य इंतजामों पर विशेष जोर दिया।

बैठक में संबंधित विभागों को अतिथि कलाकारों के ठहरने, खानपान, परिवहन और प्रचार-प्रसार सहित अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने और व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

कलाकारों को शहर की खूबियों से कराएं परिचित

कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने कहा कि बाहर से आने वाले कलाकारों और अतिथियों को जबलपुर की विशेषताओं, स्वच्छता और विकास कार्यों की जानकारी दी जाए। उन्हें शहर की स्वच्छता व्यवस्था, वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट और लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत उपचारित जल की गुणवत्ता जैसी उपलब्धियों से भी परिचित कराया जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को उपलब्धियों के फोटोग्राफ उपलब्ध कराने और अतिथियों के बीच शहर की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

होटल किराये में रियायत के लिए पर्यटन विभाग को निर्देश

कलेक्टर ने पर्यटन विभाग को होटल एसोसिएशन के साथ बैठक कर नर्मदा महोत्सव के दौरान बाहर से आने वाले अतिथियों के लिए होटल किराये में रियायत देने का आग्रह करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिथियों के ठहरने और आवागमन की व्यवस्थाएं बेहतर हों, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

स्व-सहायता समूह की महिलाओं को मिलेगा स्टॉल का अवसर

नर्मदा महोत्सव में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ हस्तनिर्मित वस्तुओं के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इससे महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर मिलेगा। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी महोत्सव में आकर्षक रंगोली बनाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

स्वास्थ्य और विद्युत विभाग रहें पूरी तरह तैयार

कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने स्वास्थ्य और विद्युत विभाग को किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। साथ ही पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बाहर से आने वाले कलाकारों, अतिथियों और दर्शकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में नगर निगम कमिश्नर श्री अग्रिम कुमार, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक सिंह गहलोत सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद थे।