कलेक्टर के निर्देश पर खोवा एवं मिठाई दुकानों का निरीक्षण कर खोवा और पेड़ा के लिए नमूने - Bhaskar Crime

Breaking

कलेक्टर के निर्देश पर खोवा एवं मिठाई दुकानों का निरीक्षण कर खोवा और पेड़ा के लिए नमूने

*कलेक्टर के निर्देश पर खोवा एवं मिठाई दुकानों का निरीक्षण कर खोवा और पेड़ा के लिए नमूने*

जबलपुर में त्यौहारी मिलावट पर सख्ती: खोवा-मिठाई दुकानों में छापामार कार्रवाई, 9 नमूने लिए

विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज जबलपुर। त्यौहारों के मौसम में मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्री की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत रविवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में खोवा और मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया और मिलावट की आशंका पर कुल 9 नमूने परीक्षण के लिए लिए।

शरद पूर्णिमा के पेड़ों पर विशेष नजर

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायत मिलने पर मेडिकल के समीप स्थित बड़कुल स्वीट्स का निरीक्षण किया गया। यहां शरद पूर्णिमा पर बिक्री के लिए बनाए गए पेड़ों में मिलावट की आशंका पर दो नमूने लिए गए।

खोवा मंडी और चुंगी नाका में भी कार्रवाई

इसी क्रम में खोवा मंडी स्थित खोवा की छह दुकानों और चुंगी नाका आईटीआई क्षेत्र में शरद पूर्णिमा के पेड़े बेचने वाली चार दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। टीम ने खोवा मंडी स्थित पंकज खोवा भंडार, जैन खोवा, मोदी खोवा और महावीर दूध भंडार से मावा एवं पेड़े के 6 नमूने तथा चुंगी नाका स्थित मनीष नेमा पाटन वाले से पेड़े का एक नमूना लिया।

भोपाल भेजे जा रहे सभी नमूने

जांच के दौरान लिए गए सभी 9 नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद मिलावट पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

व्यापारियों को दी सख्त चेतावनी

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने बताया कि सभी खाद्य सामग्री विक्रेताओं को स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री संग्रह एवं विक्रय करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। प्रशासन की यह कार्रवाई त्यौहारी सीजन में लगातार जारी रहेगी।