यातायात पुलिस का व्यापक अभियान: स्कूली बच्चों को हेलमेट-सीट बेल्ट के प्रति किया जागरूक - Bhaskar Crime

Breaking

यातायात पुलिस का व्यापक अभियान: स्कूली बच्चों को हेलमेट-सीट बेल्ट के प्रति किया जागरूक

यातायात पुलिस का व्यापक अभियान: स्कूली बच्चों को हेलमेट-सीट बेल्ट के प्रति किया जागरूक

100 छात्र-छात्राओं को निरीक्षक उमेश दुबे एवं सउनि रामभूपत पटैल द्वारा यातायात संबंधी जानकारी दी गई

 221 चालान काटकर वसूला 77,100 रुपये समन शुल्क

विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज जबलपुर, 3 अक्टूबर 2026। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस परिवहन एवं शोध संस्थान, पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश द्वारा 28 सितंबर 2026 से 8 अक्टूबर 2026 तक 10 दिवसीय हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग संबंधी व्यापक प्रवर्तन एवं जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य ध्येय केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित न रहकर वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता, जिम्मेदार वाहन संचालन तथा सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देना है।

इसी क्रम में आज दिनांक 3 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी के नेतृत्व में यातायात के तीनों थानों द्वारा हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग को लेकर विशेष प्रवर्तन तथा जन-जागरूकता अभियान संचालित किया गया।

विशेष चेकिंग अभियान, 221 चालान, 77,100 रुपये समन शुल्क

यातायात के तीनों थानों द्वारा हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कुल 221 चालान काटकर 77,100 रुपये समन शुल्क प्राप्त किया गया। इसके साथ ही आमजन से अपील की गई कि सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर में कमी लाने हेतु चलाई जा रही विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई, जिनमें राहबीर योजना और कैशलेस योजना (पीएम राहत योजना) प्रमुख रूप से शामिल रहीं।

अधिकारियों द्वारा बताया गया कि इन योजनाओं का उद्देश्य दुर्घटना के शिकार व्यक्तियों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाना है। राहबीर योजना के अंतर्गत दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को ‘गोल्डन आवर’ में अस्पताल पहुँचाने वाले नागरिक को सम्मान एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान करने के साथ ही प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है, वहीं कैशलेस योजना के माध्यम से पीड़ित को बिना किसी आर्थिक बोझ के तत्काल उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।

स्कूली बच्चों को दिया यातायात नियमों का पाठ, प्रश्नोत्तर में पुरस्कृत हुए विद्यार्थी

इसी क्रम में कैंटोनमेंट मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल कटंगा में लगभग 100 छात्र-छात्राओं को निरीक्षक उमेश दुबे एवं सउनि रामभूपत पटैल द्वारा यातायात संबंधी जानकारी दी गई, जिसमें हेलमेट एवं सीट बेल्ट की महत्ता के बारे में बताया गया तथा तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। बच्चों को यातायात नियमों के पालन हेतु शपथ दिलाई गई एवं यातायात संबंधी प्रश्न-उत्तर भी कराए गए। जो बच्चे प्रश्नों का उत्तर देते थे, उन्हें पुरस्कृत भी किया गया।

 जबलपुर यातायात पुलिस की अपील 

यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, तेज गति एवं लापरवाही से बचें तथा यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा मिल सके।