सिविल लाइन थाना की बड़ी कामयाबी, लूट के दो आरोपी गिरफ्तार - Bhaskar Crime

Breaking

सिविल लाइन थाना की बड़ी कामयाबी, लूट के दो आरोपी गिरफ्तार

*सिविल लाइन थाना की बड़ी कामयाबी, लूट के दो आरोपी गिरफ्तार*

         (आरोपी से पूछताछ करते थाना प्रभारी)

*आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ऑटो, चाकू एवं ₹500 नगद बरामद किए गए हैं*

विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज जबलपुर। सिविल लाइन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑटो चालकों द्वारा की गई लूट और चाकू से जानलेवा हमले की वारदात को मात्र 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ऑटो, चाकू एवं ₹500 नगद बरामद किए गए हैं।

 सुबह लगभग 10:00 बजे प्रार्थी दिलकश शाह सर्किट हाउस नंबर 1 से माता मरियम चौक के बीच ऑटो में सवार थे। इसी दौरान ऑटो चालकों द्वारा ऑटो रोककर सवारी से ₹2000 की मांग की गई। जब प्रार्थी ने जेब में रखे ₹500 देने से इनकार किया और विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई: घटना की जानकारी पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय को लगते ही आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ एवं नगर पुलिस अधीक्षक ओमती सोनू करमी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिविल लाइन के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई।

पुलिस टीम द्वारा प्रार्थी से प्राप्त मोबाइल नंबर के आधार पर सिम धारक की जानकारी एवं लोकेशन के आधार पर लगातार दबिश देकर मुख्य आरोपी शुभम बेन एवं एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त ऑटो, चाकू एवं ₹500 नगद जप्त किया गया है। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

जाँच में पाया गया कि आरोपी शुभम बेन के विरुद्ध पूर्व से थाना गोरखपुर में आर्म्स एक्ट का प्रकरण दर्ज है।

सराहनीय भूमिका: थाना सिविल लाइन पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अपराधियों में कड़ा संदेश गया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस सफल कार्रवाई में सिविल लाइन थाना प्रभारी शशि धुर्वे, सउनि इंदल मरावी, प्रधान आर. सदन दीक्षित, आरक्षक सुनील पारधी, विनय सिंह एवं मनीष दुबे की सराहनीय भूमिका रही।