दो समाजों में जमकर पथराव,थाने का घेराव, सैकड़ों लोगों ने किया हंगामा - Bhaskar Crime

Breaking

दो समाजों में जमकर पथराव,थाने का घेराव, सैकड़ों लोगों ने किया हंगामा

*गाड़ी रखने के विवाद में दो समाजों में जमकर पथराव*

आधी रात ओमती थाने का घेराव, सैकड़ों लोगों ने किया हंगामा

विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज जबलपुर। ओमती थाना क्षेत्र में गाड़ी रखने को लेकर दो समाजों के बीच विवाद इतना भड़क गया कि मामला जमकर पथराव तक पहुंच गया। अचानक हुए इस टकराव से क्षेत्र में भगदड़ और अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस अधिकारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के लोगों को शांत कराया। हालांकि मामला यहीं नहीं थमा, आक्रोशित लोग थाने पहुंच गए और हंगामा करते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे।

आधी रात थाने पहुंचे सैकड़ों लोग

घटना की खबर फैलते ही उड़िया और यादव समाज के सैकड़ों आक्रोशित लोग लामबंद होकर आधी रात को ही ओमती थाने पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने थाने का घेराव कर जोरदार हंगामा और नारेबाजी शुरू कर दी।

स्थानीय निवासियों के गंभीर आरोप

स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से बेखौफ होकर अवैध नशे का काला कारोबार चलाया जा रहा है। इसी अवैध नशे के सिंडिकेट और सिरफिरे असामाजिक तत्वों के कारण आए दिन इलाके की शांति भंग होती है और लहूलुहान करने वाले विवाद खड़े होते हैं।

भारी पुलिस बल तैनात

मामले की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिस बल तत्काल मौके पर और थाने पहुंचा। सीएसपी सोनू कुर्मी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। विवाद में घायल हुए लोगों को फौरन इलाज के लिए अस्पताल रवाना किया गया।

सीसीटीवी फुटेज से होगी पहचान, प्रकरण दर्ज

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद अपराधियों की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर प्रकरण दर्ज किया जाएगा। सीएसपी के अनुसार, पीड़ित पक्ष की शिकायत पर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

बम चलने के दावों की जांच

इलाके में बम चलने के दावों पर सीएसपी ने साफ किया कि इन चर्चाओं की सत्यता की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।