उत्तर मध्य क्षेत्र में 2.25 करोड़ के विकास कार्यों का शुभारंभ किया - Bhaskar Crime

Breaking

उत्तर मध्य क्षेत्र में 2.25 करोड़ के विकास कार्यों का शुभारंभ किया

*महापौर अन्नू व विधायक पांडेय ने उत्तर मध्य क्षेत्र में 2.25 करोड़ के विकास कार्यों का शुभारंभ किया*

विशेष रिपोर्टर/ जबलपुर नगर निगम के तत्वावधान में शहर के विकास की गति को नई धार देते हुए महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू' और उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. अभिलाष पांडेय ने चार वार्डों में 2 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर कन्या पूजन कर आशीर्वाद लेने के बाद क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर कार्यों की शुरुआत की गई
    *नागरिकों को मिलेगी एक साथ कई सौगातें*

इस परियोजना के तहत महात्मा गांधी, स्वामी दयानंद सरस्वती, पं. भवानी प्रसाद तिवारी और सुभद्रा कुमारी चौहान वार्ड में उच्च गुणवत्ता वाली डामरीकृत सड़कों, नाला-नालियों के निर्माण के साथ-साथ वायु गुणवत्ता सुधारने हेतु सड़क किनारे पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे। इन कार्यों से नागरिकों को बेहतर यातायात, जल निकासी और स्वच्छ पर्यावरण जैसी सुविधाएं एक साथ प्राप्त होंगी।

"नागरिक सेवा हमारा संकल्प" महापौर अन्नू

महापौर श्री अन्नू ने कहा कि शहर के देवतुल्य नागरिकों की सेवा ही उनका संकल्प है और इसी के तहत लगातार बड़े पैमाने पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। विधायक डॉ. पांडेय ने निगम के कार्यों को जनोपयोगी बताते हुए कहा कि इससे भविष्य में जनता को व्यापक लाभ मिलेगा।

जिन क्षेत्रों में होंगे कार्य

कार्यों में कमला नेहरू नगर वार्ड में कवर्ड नाली निर्माण, विभिन्न वार्डों में पेवर ब्लॉक लगाने, गोल बाजार क्षेत्र में सड़क व नाली निर्माण, हरिओम कॉम्प्लेक्स के पास नाली निर्माण व चेंबर लगाने सहित अनेक आवश्यक कार्य शामिल हैं।

इनकी रही मौजूदगी

इस अवसर पर निगमाध्यक्ष रिकुंज विज, एम.आई.सी. सदस्य, संबंधित वार्डों के पार्षदगण तथा निगम के अधिकारी मौजूद रहे।