*नगर निगम मजिस्ट्रेट का विक्टोरिया अस्पताल में औचक निरीक्षण*
*गंदगी पाए जाने पर आउटसोर्स मैनेजर व ठेकेदार पर जुर्माना*
विशेष रिपोर्टर जबलपुर। नगर निगम के विशेष मजिस्ट्रेट अरूण कुमार गोयल ने शहर के जिला चिकित्सालय विक्टोरिया अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में अत्यधिक गंदगी, बदबू एवं कई अव्यवस्थाएं पाई गईं, जिस पर मजिस्ट्रेट ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आउटसोर्सिंग के मैनेजर पर स्पॉट जुर्माना लगाया।
मजिस्ट्रेट गोयल ने अस्पताल में चल रहे निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। ठेकेदार द्वारा कार्यस्थल पर गंदगी फैलाए रखने एवं सतर्कता से कार्य न करने के कारण उस पर भी जुर्माना लगाया गया।
इसके बाद, मजिस्ट्रेट ने अस्पताल की पाकशाला (रसोई) का सूक्ष्म निरीक्षण किया, ताकि मरीजों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने खाद्य निरीक्षकों के बैठने की व्यवस्था में सुधार के भी निर्देश दिए, ताकि निगरानी टीम बेहतर वातावरण में कार्य कर सके।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधक अरूण शाह तथा नगर निगम के सीएसआई हर्षा पटैल, अमितकांत दुबे, क्रांति कुमार, अजय कुमार, शोभित पांडेय एवं आरती मिश्रा आदि अधिकारी मौजूद रहे।