*सीरियल कटर हमलावर गिरफ्तार: भोपाल पुलिस ने राह चलती युवतियों पर हमला करने वाले आदतन अपराधी को धर दबोचा*
•150 से अधिक पुलिसकर्मियों की सघन कार्रवाई, 900 सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण*
•पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने पूरी टीम को 50 हजार रुपए के पुरस्कार की घोषणा*
विशेष रिपोर्टर/ भोपाल शहर में राह चलती युवतियों को निशाना बनाकर कटर से हमला करने वाले खतरनाक सीरियल अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी देवेंद्र अहिरवार (37) पिछले सप्ताह शहर के विभिन्न इलाकों में चार युवतियों पर कटर से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर चुका है। इस सफल गिरफ्तारी पर मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने भोपाल पुलिस की पूरी टीम को 50 हजार रुपए के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
घटनाक्रम और जांच: 29 जनवरी की रात सोनागिरी, पिपलानी और अयोध्या नगर थाना क्षेत्रों में हुए इन हमलों के बाद पुलिस आयुक्त संजय कुमार के निर्देशन में विशेष जांच टीमें गठित की गईं। जोन स्तर और क्राइम ब्रांच की 40 टीमों में शामिल 150 से अधिक पुलिसकर्मियों ने अथक मेहनत से इस मामले की जांच की थी
तकनीकी खोजबीन और त्वरित कार्रवाई: पुलिस टीम ने 900 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विस्तृत विश्लेषण किया, 600 से ज्यादा पुराने बदमाशों का सत्यापन किया और लगभग 100 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी का हुलिया जारी कर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
गिरफ्तारी और बरामदगी: सूचना के आधार पर, अयोध्या बायपास के समीप जंगल क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने आरोपी देवेंद्र अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया कटर, एक चोरी की मोटरसाइकिल, कपड़े और अन्य सामग्री बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपी ने भोपाल की चारों घटनाओं के अलावा, वर्ष 2014 में सागर जिले में भी इसी तरह के कई हमले करना स्वीकार किया है। उसने चार माह पूर्व करोंद सब्जी मंडी से चोरी की गई मोटरसाइकिल का इन हमलों में इस्तेमाल किया था।
पुलिस की सफलता और अपील: पुलिस की यह सफलता तकनीकी विश्लेषण और मैदानी स्तर पर कड़ी मेहनत का परिणाम है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते ऐसे अपराधियों को पकड़ा जा सके।
