162वीं श्रीराम बारात गोविंदगंज रामलीला समिति द्वारा धूमधाम से निकली जाएगी - Bhaskar Crime

Breaking

162वीं श्रीराम बारात गोविंदगंज रामलीला समिति द्वारा धूमधाम से निकली जाएगी

*162वीं श्रीराम बारात  गोविंदगंज रामलीला समिति द्वारा धूमधाम से निकली जाएगी*

संस्कारधानी के नागरिकों से श्रीराम बारात में शामिल होने की अपील की है

विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में गोविंदगंज रामलीला समिति की ओर से आयोजित 162वीं श्रीराम बारात शुक्रवार शाम धूमधाम, भव्यता और श्रद्धामय वातावरण में निकाली जाएगी। समिति अध्यक्ष पं. अनिल तिवारी ने संस्कारधानी के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में श्रीराम बारात में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

शाम सात बजे होगी रवानगी

पं. तिवारी ने बताया कि श्रीराम बारात शुक्रवार शाम 7 बजे रामलीला प्रांगण से प्रारंभ होगी। बारात में उत्तर मध्य के विधायक अभिलाष पांडे सहित नगर के जनप्रतिनिधि और विशिष्टजन भगवान श्रीराम की पूजन-अर्चन कर बारात में शामिल होंगे। बारात में गुरुवर विश्वामित्र के साथ राम-लक्ष्मण, महाराज दशरथ के साथ भरत-शत्रुघ्न सहित अनेक धर्ममयी झांकियां शामिल होंगी।

यह रहेगा जुलूस मार्ग

बारात रामलीला भवन से गुड़हाई, कोतवाली, कमानिया, फुहारा, बड़े महावीर, पांडे चौक, बल्देवबाग, चेरीताल, गोपालबाग, दमोह नाका होते हुए वापस रामलीला प्रांगण में संपन्न होगी। पूरे मार्ग में बारात का भव्य स्वागत किया जाएगा। समिति अध्यक्ष ने यात्रा मार्ग के समस्त प्रतिष्ठानों और आसपास के निवासियों से तोरण द्वार लगाकर प्रभु श्रीराम की अगवानी करने की अपील की है।

निवाड़गंज में बनेगा जनवासा

परंपरा अनुसार पंचकोषी मंदिर निवाड़गंज में भगवान की बारात का जनवासा रहेगा। यहां की व्यवस्था नगर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश यादव, संजय गोस्वामी सहित अन्य श्रद्धालुओं द्वारा की जाएगी। जनवासे में दूल्हा बने श्रीराम सहित चारों भाइयों और अन्य बारातियों का स्वागत किया जाएगा।

धनुष भंजन के बाद वरमाला

गौरतलब है कि शुक्रवार की रात रामलीला मंचन में भगवान श्रीराम ने शिव धनुष का भंजन कर जनकजी का संकल्प पूरा किया, जिसके फलस्वरूप माता सीता ने प्रभु श्रीराम के गले में वरमाला डाली। रामलीला में जनक के रूप में सौरभ पटेरया, रावण के रूप में पवन पांडे, बाणासुर के रूप में मोनू चौबे और परशुराम के रूप में पलाश पाठक ने शानदार अभिनय किया। लक्ष्मण जी की भूमिका निभाने वाले मानस पांडे ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

162 वर्षों की परंपरा

उल्लेखनीय है कि गोविंदगंज रामलीला की श्रीराम बारात 162 वर्षों की गौरवशाली परंपरा का हिस्सा है, जो हर वर्ष संस्कारधानी के नागरिकों में अभूतपूर्व उत्साह और श्रद्धा का संचार करती है।