*गांधी जयंती पर गांधी व्यामशाला के मकान पर अवैध शराब के तस्कर के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार*
पुलिस ने 3 ठिकानों पर मारा छापा, 5.32 लाख की अवैध शराब जब्त, 2 गिरफ्तार
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज जबलपुर। गांधी जयंती के दिन रांझी पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापा मारा। पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है। तीनों स्थानों से भारी मात्रा में अंग्रेजी और देशी शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 5 लाख 32 हजार 580 रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थ और शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री अंजना तिवारी और नगर पुलिस अधीक्षक सतीश कुमार साहू के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रांझी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में गठित टीमों ने यह कार्रवाई की।
कैसे हुआ खुलासा
1 अक्टूबर को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रवि उर्फ बल्लू पटवा गांधी व्यायाम शाला शिव मंदिर के पास महेश यादव के कच्चे मकान, माया चौबे के घर के ऊपर वाले कमरे और हेरी सवास्टीन के मकान को किराये पर लेकर भारी मात्रा में शराब रखकर बेचने की फिराक में है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए तीन टीमें गठित की गईं और तीनों स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई।
पहला ठिकाना: महेश यादव का मकान
टीम ने महेश यादव के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान दूसरे कमरे में 47 कार्टून पेटी में 2,350 पाव देशी शराब और 8 कार्टून में 8 पीएम व्हिस्की की 96 बोतलें मिलीं। पूछताछ में महेश यादव ने बताया कि यह शराब रवि उर्फ बल्लू पटवा की है, जिसने 2 हजार रुपये महीना किराये पर यह कमरा लिया था। पुलिस ने 2,350 पाव देशी शराब और 96 बोतल अंग्रेजी शराब (कुल 495 लीटर), कीमती लगभग 2 लाख 50 हजार 660 रुपये जब्त की। आरोपी रवि के घर पर ताला लगा मिला।
दूसरा ठिकाना: माया चौबे के मकान के ऊपर का कमरा
दूसरी टीम ने माया चौबे के मकान के ऊपर वाले कमरे पर दबिश दी। कमरे से 40 कार्टून पेटी में 2,000 पाव देशी शराब, कीमती लगभग 1 लाख 84 हजार रुपये बरामद हुई। 70 वर्षीय मकान मालिक माया चौबे ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले रवि उर्फ बल्लू पटवा ने 3 हजार रुपये महीना किराये पर यह कमरा लिया था और उसमें अपना सामान रखता था।
तीसरा ठिकाना: हेरी सवास्टीन का मकान
तीसरी टीम ने हेरी सवास्टीन के मकान पर दबिश दी, जहां जॉनी एंथोनी (64) मिला। पूछताछ में उसने बताया कि बहन सवास्टीन बाहर रहती है और यह मकान बल्लू पटवा को 2 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर दिया गया है। तलाशी में रैक पर 14 कार्टून में 700 पाव और 1 कार्टून में 30 पाव बॉम्बे रम तथा 2 कार्टून में 100 पाव देशी शराब मिली। पुलिस ने 730 पाव अंग्रेजी शराब और 100 पाव देशी शराब, कीमती लगभग 98 हजार 120 रुपये जब्त की।
आगे की कार्रवाई
आरोपी महेश यादव, जॉनी एंथोनी और फरार रवि उर्फ बल्लू पटवा के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी रवि उर्फ बल्लू पटवा की सरगर्मी से तलाश जारी है।
उल्लेखनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रांझी उमेश कुमार गोल्हानी के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक गनपत मसराम, मनीष कुमार जाटव, सुभाष चंद बागरी, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम अहिरवार, चंद्रभान सिंह, हरिओम, विनोद सिंह, आरक्षक रवि पंचेश्वर, अभिषेक मिश्रा, मनीष अहिरवार, राहुल मलगाम, दिनेश भावरे, राहुल दुबे, हरिशंकर, चेतेन्द्र और आलोक की सराहनीय भूमिका रही।