*24 घंटों के दौरान,शहर और आसपास के थाना क्षेत्रों प्रमुख क्राइम की बड़ी खबर*
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज जबलपुर। शहर और आसपास के थाना क्षेत्रों में बीते 24 घंटों के दौरान चोरी, लूट, मारपीट और अकाल मृत्यु की कई बड़ी घटनाएं दर्ज की गईं। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रमुख घटनाओं का विवरण इस प्रकार है
1. अज्ञात व्यक्ति ने पहचान छिपाकर की 35,800 रुपये की धोखाधड़ी — थाना बरेला
थाना बरेला में 16 अक्टूबर को श्रीमती निशा चौधरी (निवासी खमरिया नीमखेड़ा) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने अपनी गलत पहचान बताकर/दिखाकर उनके साथ ऑनलाइन 35 हजार 800 रुपये की धोखाधड़ी की। आरोपी ने जाली दस्तावेज या इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड का इस्तेमाल कर उनकी असली पहचान को भ्रमित किया और रकम हड़प ली। मामले में धारा 318(4), 319(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
2. जबरन रुपये मांगने वाले आरोपी की तलाश — थाना कोतवाली
थाना कोतवाली में 16 अक्टूबर की रात विनोद सोनी (40 वर्ष, निवासी उपरौरगंज, दक्षिणपुरा) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि मनूलाल हॉस्पिटल के पास बालाजी ज्वैलर्स के नाम से उनकी सोने-चांदी की दुकान है। 16 अक्टूबर की शाम लगभग 4 बजे वह गुरु तिराहा, दक्षिणपुरा में देवी जी के दर्शन के लिए गए थे। वहां गौरव सोनी—जो उनके भाई सूर्यकांत छनिया की दुकान में 3 साल पहले काम करता था—सराफा तिराहा से एक्टिवा पर आकर उनके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगा। उसने उन्हें एक्टिवा पर बैठने, दुकान चलकर भाई सूर्यकांत से बात कराने और 10 लाख रुपये दो या भाई से दिलवाओ कहते हुए गाड़ी से लात मारकर नीचे गिरा दिया। विरोध करने पर गौरव सोनी दुकान तक गया, अंदर से डंडा लेकर आया और बैठने को कहकर गाली-गलौज करते हुए पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी। मामले में धारा 119(1), 296(बी), 351(3), 115(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस मारपीट करने वाले आरोपियों की तलाश कर रही है।
3. पुराने विवाद में दो युवकों ने की मारपीट, जान से मारने की धमकी — थाना रांझी
थाना रांझी में 16 अक्टूबर की रात गौरव पांडे (28 वर्ष, निवासी रामपुर, छापर, गोरखपुर) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 अक्टूबर को वह अपनी बुआ विद्या शर्मा के यहां पनागर गया था, साथ में मौसी की बेटी शिखर भी थी। रात लगभग 8 बजे वह और शिखर शर्मा मोटरसाइकिल से पनागर से रांझी सुभाषनगर आ रहे थे। रात करीब 8:30 बजे परियट ग्रीन मोहनिया पान तिराहा के पास रुके, जहां पान तिराहा पर राहुल यादव और रंजीत यादव मिले, जिनका मौसी की बेटी शिखर शर्मा से पुराना विवाद था। शिखर को देखकर दोनों गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर रंजीत यादव ने लकड़ी के बत्ते से सिर, पीठ, कंधे और चेहरे पर तथा राहुल यादव ने लाठी से शिखर के हाथ-पैर में चोट पहुंचाई और दोनों जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। मामले में धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस स्कूटी सवार झपटमारों की तलाश में जुटी है।
4. स्कूटी सवार बदमाशों ने महिला के गले से झपटी सोने की पांचाली — थाना मदनमहल
थाना मदनमहल में 16 अक्टूबर को सरिता दुबे (56 वर्ष, निवासी चंद्रिका होटल के पास, रेलवे स्टेशन रोड, मदनमहल) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 अक्टूबर की शाम लगभग 5:50 बजे वह मंदिर से अपने घर वापस आ रही थी। जैसे ही वह चंद्रिका होटल के पास मेन रोड तिराहा पर पहुंची, पीछे से सफेद रंग की स्कूटी पर दो लड़के आए और गले में पहनी सोने की पांचाली झपटकर स्कूटी से अंदरब्रिज की तरफ भाग गए। मामले में धारा 304(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
5. मोबाइल पर बात करते समय झपटा महंगा मोबाइल — थाना डीएनटी
थाना डीएनटी में 16 अक्टूबर को मोहम्मद इंतजाम (34 वर्ष, निवासी मंडी मदार टेकरी, हनुमानताल) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह गाड़ी सुधारने का काम करता है। 14 अक्टूबर को वह अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 एक्सए 4799 से किसी काम से बरेला गया था और बरेला से वापस हनुमानताल जा रहा था। शाम लगभग 4:45 बजे वह एम्पायर टॉकीज के सामने लकड़ी के टॉल के पास रोड पर पहुंचा, तभी मोबाइल पर घर से कॉल आने पर गाड़ी रोककर बैठकर बात कर रहा था। इसी दौरान पीछे से काले रंग की एक्सिस पर अज्ञात व्यक्ति आया और उसके हाथ से ओप्पो कंपनी का कीमती लगभग 13 हजार रुपये का मोबाइल झपटकर तेजी से चौथे पुल की तरफ भाग गया। मामले में धारा 304(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
6. ऑटो में बैठी महिला के गले से मंगलसूत्र चोरी — थाना लॉर्डगंज
थाना लॉर्डगंज में 16 अक्टूबर को श्रीमती श्रद्धा दीक्षित (28 वर्ष, निवासी ग्राम बेलखेड़ा, वर्तमान पता श्रीरामनगर गुलौआ चौक, मदनमहल) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह प्राइवेट काम करती है। 16 अक्टूबर की शाम लगभग 4:30 बजे वह नंदी पूजा और अपने 3 वर्षीय बेटे के साथ स्नेहनगर से पैदल मेहता पेट्रोल पंप तक आई थी। मेहता पेट्रोल पंप के सामने एक ऑटो में पहले से तीन महिलाएं और एक छोटा बच्चा बैठे हुए थे। उस ऑटो में दीनदयाल बस स्टैंड जाने के लिए वे भी बैठ गए। ऑटो चालक लेवर चौक से अंदर होते हुए न्यू आदर्श कालोनी के गेट के सामने उतारकर बोला कि इन सवारियों को किसी दूसरी जगह जाना है, कहकर ऑटो मोड़कर वापस चला गया। ऑटो जाने के बाद उन्होंने देखा कि गले में पहना सोने का लंबा मंगलसूत्र गायब था। अज्ञात चोर उसे चोरी कर ले गया। मामले में धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
7. सोने की दुकान का ताला तोड़कर 95 हजार के जेवर चोरी थाना मझगवां
थाना मझगवां में 16 अक्टूबर की रात शिवपुरी गोस्वामी (42 वर्ष, निवासी ग्राम बुढ़रा) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह आनंद माइंस में मैकेनिक का काम करता है। 16 अक्टूबर की सुबह लगभग 7 बजे वह काम पर चला गया था, घर पर पत्नी और बच्चे थे। बच्चे स्कूल चले गए थे और पत्नी मझली बेटी का इलाज कराने जबलपुर चली गई थी, घर में ताला लगाकर। दोपहर लगभग 1:30 बजे बेटा स्कूल से आकर देखा तो घर का ताला टूटा हुआ था। बेटे समर ने फोन कर घटना की जानकारी दी। घर आकर देखा तो ताला टूटा हुआ था, अंदर सामान बिखरा हुआ था, तीनों आलमारियों का ताला टूटा था। आलमारी से सोने की 1 अंगूठी, बाली, खुटिया, चांदी की 3 जोड़ी पायल, हॉफ कड़धन, कड़डोरा, एक जोड़ी छैल चूड़ी, बिछिया का सेट और सिक्का गायब थे। किसी अज्ञात चोर ने दिन में घर का ताला तोड़कर लगभग 95 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। मामले में धारा 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस सोने-चांदी के जेवर चोरी करने वाले आरोपी की तलाश कर रही है।
8. सड़क दुर्घटना में युवक की मौत — थाना पनागर
थाना पनागर को आज 17 अक्टूबर को मेडिकल कॉलेज से सूचना मिली कि योगेश ठाकुर (33 वर्ष, निवासी कैकुआली बेलखाडू, थाना कटंगी) 16 अक्टूबर को बघौड़ा और बरौदा के बीच पनागर में अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल अवस्था में भाई शशांक ठाकुर द्वारा लाया गया था। डॉक्टर ने चेक कर 7:40 बजे योगेश ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मर्ग कायम कर जांच में लिया गया है।
9. जहरीली वस्तु सेवन से महिला की मौत — थाना भेड़ाघाट
थाना भेड़ाघाट में आज 17 अक्टूबर को विजय भूमिया (33 वर्ष, निवासी गोपालपुर) ने सूचना दी कि वह एमपीईबी में प्राइवेट नौकरी करता है। 11 अक्टूबर को रात लगभग 9 बजे उसकी भाभी मनीषा भूमिया ने घर पर कोई जहरीली वस्तु का सेवन किया, जिससे उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान आज रात लगभग 1:30 बजे मनीषा भूमिया (32 वर्ष) की मृत्यु हो गई। सूचना पर मर्ग कायम कर जांच में लिया गया है।
10. फांसी लगाकर किशोर ने की आत्महत्या — थाना गोहलपुर
थाना गोहलपुर में आज 17 अक्टूबर को मेडिकल कॉलेज से सूचना मिली कि 16 अक्टूबर की रात लगभग 10 बजे अंश केवट (17 वर्ष, निवासी नशा मुक्ति केंद्र के पास, कुदवारी, गोहलपुर) ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर उपचार हेतु लाया गया था। रात लगभग 11:25 बजे डॉक्टर ने चेक कर अंश केवट को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मर्ग कायम कर जांच में लिया गया है।
क्राइम भास्कर न्यूज संक्षेप में: जबलपुर में बीते दिनों धोखाधड़ी, मारपीट, झपटमारी, चोरी सहित तीन मौतों की घटनाएं सामने आईं। पुलिस ने सभी मामलों में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।