दशहरा मैदान में वारदात से पहले ही आरोपी चाकू सहित दबोचा - Bhaskar Crime

Breaking

दशहरा मैदान में वारदात से पहले ही आरोपी चाकू सहित दबोचा

*दशहरा मैदान में वारदात से पहले ही आरोपी चाकू सहित दबोचा आरोपी का निकला जुलूस*

आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से एक बड़ा धारदार चाकू बरामद

धारा 307 के मामले में 5 साल की सजा काटकर जेल से बाहर आया था

विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज जबलपुर। मुखबिर की सटीक सूचना पर आरोपी को घेराबंदी कर पुलिस को बड़ी सफलता:रांझी थाना पुलिस ने एक बड़ी वारदात को होने से पहले ही टालते हुए हत्या के प्रयास (धारा 307) के आरोपी को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से इलाके में एक बड़ी अप्रिय घटना टल गई, जिससे संभावित जनहानि को रोका जा सका।

आरोपी की पहचान: गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलीप उर्फ टिल्लू पिता सज्जन कोल, उम्र 27 वर्ष, निवासी सुमन नगर, रिसाई के रूप में हुई है। आरोपी हार्डकोर किस्म का अपराधी बताया जा रहा है, जिसका पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

थाना प्रभारी ने दी जानकारी: रांझी थाना प्रभारी उमेश गोलानी ने बताया कि आरोपी दिलीप तीन-चार महीने पहले ही धारा 307 के मामले में 5 साल की सजा काटकर जेल से बाहर आया था। जिस व्यक्ति के साथ उसका झगड़ा हुआ था, उसके प्रति अभी भी उसके मन में दुश्मनी और दुर्भावना बनी हुई थी। वह चाकू लेकर उसे मारने की फिराक में घूम रहा था और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में था।

मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई

पुलिस को सटीक मुखबिर सूचना मिली कि आरोपी मड़ई इलाके में धारदार चाकू लेकर घूम रहा है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी शुरू कर दी। इसी क्रम में पुलिस ने कल व्हीकल, दशहरा मैदान के पास BFG के समीप से आरोपी को दबोच लिया।

चाकू बरामद: आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से एक बड़ा धारदार चाकू बरामद हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि यदि आरोपी वारदात को अंजाम दे देता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। पुलिस ने समय रहते चाकू बरामद कर एक बड़ी घटना को टाल दिया।

चाकू कहां से मिला, इसका भी खुलासा

पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि उसने चाकू कहां से प्राप्त किया। जिस व्यक्ति का नाम उसने बताया है, पुलिस ने उसे भी प्रकरण में आरोपी बनाया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है।

आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज: आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है।