*इंस्टाग्राम दोस्ती बनी काल: युवती से कार में दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला, दो आरोपी फरार*
सोशल मीडिया पर हुई थी दोस्ती, छह महीने बाद बुलाया मिलने
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज उज्जैन/इंदौर: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई दोस्ती एक युवती के लिए काल साबित हुई। उज्जैन में एक युवती के साथ कार में दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के आरोपों के मुताबिक, करीब छह महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान उज्जैन निवासी चक्रेश जैन से हुई थी। दोनों पहले भी उज्जैन और इंदौर में मिल चुके थे।
सोमवार शाम बुलाया उज्जैन, होटल के पास था इंतजार
जानकारी के अनुसार, पीड़िता इंदौर की रहने वाली है। सोमवार शाम को चक्रेश ने महिला को उज्जैन बुलाया। महिला बस से उज्जैन पहुंची, जहां मेघदूत होटल के पास चक्रेश अपने एक साथी के साथ कार लेकर उसका इंतजार कर रहा था। महिला दोनों के साथ कार में बैठी और कॉफी पीने के लिए गई।
कॉफी के बाद कार में जबरदस्ती, फिर अस्पताल के पास छोड़कर फरार
पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसके बाद दोनों युवकों ने उसके साथ जबरदस्ती करते हुए दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी उसे इंदौर में अरविंदो अस्पताल के पास छोड़कर चले गए।
सोशल मीडिया पर वीडियो जारी, 4-5 लोगों के शामिल होने का आरोप
इस मामले में पीड़िता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें उसने घटना में 4-5 लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है। वीडियो में महिला ने दावा किया कि इंदौर की ओर जाते समय कार में कुछ अन्य युवक भी सवार हुए और उसके साथ मारपीट की गई। उसने गंभीर चोट पहुंचाने और सामूहिक दुष्कर्म के आरोप भी लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर होना बाकी है।
नानाखेड़ा पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण, जांच जारी
मामले में नानाखेड़ा पुलिस ने महिला की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
