15 करोड़ चोरी कांड में बड़ा खुलासा,अंतरराज्यीय गिरोह, होटल में रुक कर बनाई थी योजना - Bhaskar Crime

Breaking

15 करोड़ चोरी कांड में बड़ा खुलासा,अंतरराज्यीय गिरोह, होटल में रुक कर बनाई थी योजना

*15 करोड़ चोरी कांड में बड़ा खुलासा,अंतरराज्यीय गिरोह, होटल में रुक कर बनाई थी योजना*


15 करोड़ों की चोरी: अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा, होटल में रुककर बनाई थी योजना

विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर कटनी। शहर के बरगवां स्थित 'किसना हीरा एवं आभूषण केंद्र' में हुई करीब 15 करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी की वारदात में पुलिस को बेहद अहम सुराग हाथ लगे हैं। तफ्तीश में यह पूरी तरह साफ हो गया है कि इस हाई-प्रोफाइल वारदात को किसी स्थानीय अपराधी ने नहीं, बल्कि गैस कटिंग में माहिर एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह ने अंजाम दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरोह के सदस्य वारदात की तारीख 11 नवंबर को नहीं, बल्कि एक दिन पहले ही यानी 10 नवंबर को कटनी पहुंच गए थे।

स्टेशन के पास होटल बनाया ठिकाना, जमा किए आधार कार्ड

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 10 नवंबर को कटनी पहुंचने के बाद गिरोह के चार सदस्यों ने रेलवे स्टेशन के समीप स्थित 'होटल गणपति प्लाजा' में कमरा किराए पर लिया था। यहीं रुककर बदमाशों ने अपनी पूरी योजना को अंतिम रूप दिया। कमरा बुक करते समय दो आरोपियों ने होटल प्रबंधन के पास अपने आधार कार्ड जमा किए थे। पुलिस ने होटल का रजिस्टर और संबंधित दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। साइबर सेल और पुलिस की टीमें अब यह जांच कर रही हैं कि जमा किए गए आधार कार्ड असली हैं या फिर आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए फर्जी पहचान पत्रों का इस्तेमाल किया था।

अन्य शोरूम भी थे निशाने पर, गजानन कॉम्प्लेक्स में दिखे संदिग्ध

जांच में यह भी सामने आया है कि बदमाशों के निशाने पर केवल किसना ज्वेलर्स ही नहीं था। शहर में दाखिल होने के बाद गिरोह ने अन्य प्रमुख ज्वेलरी शोरूम और बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भी बारीकी से रेकी की थी। पुलिस को गजानन कॉम्प्लेक्स सहित कई अन्य स्थानों के सीसीटीवी कैमरों में इन संदिग्धों की चहलकदमी के फुटेज मिले हैं। पुलिस इस एंगल पर काम कर रही है कि क्या गिरोह एक से अधिक जगहों पर वारदात करने की फिराक में था, या फिर उन्होंने सभी जगहों की सुरक्षा का आकलन करने के बाद सबसे आसान निशाना समझकर किसना ज्वेलर्स को चुना।

गैस कटिंग में माहिर है गैंग, कई राज्यों में दर्ज हैं अपराध

प्रारंभिक जांच में इस गिरोह के तार कई राज्यों से जुड़े होने के प्रमाण मिले हैं। यह गैंग गैस कटर की मदद से शटर व तिजोरी काटकर बड़ी चोरियों को अंजाम देने में सिद्धहस्त है। इनके काम करने का तरीका बेहद पेशेवर है—ये पहले किसी शहर में ठिकाना बनाते हैं, कुछ दिनों तक रेकी करते हैं, वारदात को अंजाम देते हैं और फिर तुरंत राज्य की सीमा पार कर फरार हो जाते हैं। इस गिरोह के सदस्यों के खिलाफ ओडिशा, मुंबई, दिल्ली और झारखंड सहित देश के कई हिस्सों में इसी पैटर्न पर चोरी के मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।

ट्रेन से प्रयागराज तक का सफर, फिर अलग-अलग दिशाओं में हुए फरार

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बेहद शातिराना तरीके से शहर से बाहर निकले। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पता चला है कि चोरी के बाद आरोपी सीधे कटनी रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां से ट्रेन पकड़कर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज तक गए। प्रयागराज स्टेशन पर उतरने के बाद उन्होंने पुलिस से बचने के लिए आगे की यात्रा सड़क मार्ग व अन्य साधनों से की और अलग-अलग दिशाओं में बंट गए। पुलिस की विशेष टीमें कटनी से प्रयागराज के बीच पड़ने वाले स्टेशनों के फुटेज खंगाल रही हैं।

संचालक नहीं दे सका चोरी गए माल का हिसाब

एक तरफ जहां पुलिस दिन-रात एक कर आरोपियों की तलाश में जुटी है, वहीं दूसरी ओर घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी शोरूम संचालक पुलिस को चोरी गए जेवरात का सटीक विवरण उपलब्ध नहीं करा सका है। शोरूम से कितनी मात्रा में और कितनी कीमत के हीरे व सोने के आभूषण चोरी हुए हैं, इसकी आधिकारिक सूची अभी तक पुलिस को नहीं मिली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संचालक की ओर से विस्तृत स्टॉक मिलान और चोरी गए माल की सूची मिलने के बाद ही नुकसान का वास्तविक आंकड़ा स्पष्ट हो सकेगा, जिसका पुलिस को इंतजार है।