15 नवंबर 2026 को साइबर ठगी के तीन मामलों में करीब 1.47 लाख रुपये की ठगी,
शराब के पैसे न देने पर तीन जगह मारपीट, फोटोग्राफर से मोबाइल-चेन लूट, 
मानसिक बीमार महिला की आत्महत्या और सड़क दुर्घटना में दो युवकों के घायल होने की घटनाएं सामने आई हैं।
पुलिस सभी मामलों में जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
"साइबर ठगी का बड़ा खेल: अलग-अलग थानों में दर्ज हुए तीन मामले"
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज जबलपुर। शहर में साइबर ठगों ने बैंक कर्मचारियों और आम नागरिकों को निशाना बनाकर करीब 1.47 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया है। गोरखपुर, भेड़ाघाट और कोतवाली थानों में दर्ज तीन अलग-अलग मामलों में अज्ञात आरोपियों ने मोबाइल हैक कर बैंक खातों से रकम पार कर दी। पुलिस ने तीनों प्रकरणों में धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
गोरखपुर थाना – बैंक मैनेजर के खाते से 49,590 रुपये पार
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज गोरखपुर थाना क्षेत्र के शहडोल रोड निवासी अमित कुमार मौर्य (34) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे आईसीआईसीआई बैंक शाखा गुलाटी चौक गोरखपुर में डिप्टी बैंक मैनेजर हैं। उनकी होंडा साइन मोटरसाइकिल एमपी-20-एन-3898 का बीमा समाप्त हो गया था। 31 अक्टूबर 2026 को मोबाइल पर बीमा रिन्यूअल का मैसेज आया, जिसमें "यू एंड पे चालान" लिखा था। उन्होंने लिंक पर क्लिक किया, जिससे उनका मोबाइल हैक हो गया। 1 नवंबर 2026 को पता चला कि उनके आईसीआईसीआई बैंक खाते से 49,590 रुपये कट गए हैं। अज्ञात व्यक्ति ने छलपूर्वक मोबाइल हैक करके उनके बैंक खाते से यह रकम निकाल ली।
भेड़ाघाट थाना – इंस्टाग्राम रील देखना पड़ा महंगा, 61,000 रुपये की ठगी
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के चौकीताल निवासी राजकुमार नरेंद्र (25) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके साथ ऑनलाइन 64,000 रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी हुई है। किसी अज्ञात व्यक्ति ने अपनी गलत पहचान बताकर या दिखाकर उनके साथ छल करते हुए 61,000 रुपये की रकम हड़प ली। पूछताछ में राजकुमार ने बताया कि वे गैलेक्सी अस्पताल उखरी तिराहा में वार्ड बॉय का काम करते हैं। 4 नवंबर 2026 को वे मोबाइल पर इंस्टाग्राम में रील्स देख रहे थे। मोबाइल पर जिया चैटिंग ऐप की रील्स को उन्होंने इंस्टॉल कर लिया, जिसके बाद उनका मोबाइल रुक-रुक कर चलने लगा। 6 नवंबर 2026 को दोपहर 3:58 बजे उनके बैंक अकाउंट से 61,000 रुपये कटने का मैसेज आया। अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके साथ धोखाधड़ी करते हुए उनके बैंक अकाउंट से 61,000 रुपये की रकम हड़प ली गई। मामले में धारा 318(4), 319(2), 308 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
कोतवाली थाना – सर्विस सेंटर पर बैंक चेक कराना बना मुसीबत, 37,000 रुपये ट्रांसफर
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज कोतवाली थाना क्षेत्र के स्टेट बैंक कालोनी निवासी राहुल सिंह ठाकुर (25) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 अक्टूबर 2026 को उनका मोबाइल बार-बार बंद होने पर पास की गगन शॉप दुकान में दिखाया। सर्विस सेंटर से ठीक होना बताया गया। वे वीवो कंपनी के सर्विस सेंटर लीडर चौक जाकर मोबाइल सुधरवाया और अपने मोबाइल से फोन पे ऐप के माध्यम से अपने बैंक अकाउंट (बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा विजयनगर) को चेक किया। 24 अक्टूबर 2026 को उनके बैंक अकाउंट से 2 बार में कुल 37,000 रुपये किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा धोखाधड़ी करते हुए ट्रांसफर कर लिए गए।
🔴 शराब के पैसे न देने पर मारपीट, तीन अलग-अलग वारदातों में आरोपियों की तलाश
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज जबलपुर। शराब पीने के लिए रुपये की मांग करने और मना करने पर तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं। बरगी, घमापुर और गढ़ा थानों में दर्ज इन मामलों में पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
बरगी थाना – चाकू से हमला, सिर और कंधे में चोट
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज बरगी थाना क्षेत्र के पिपरिया खुर्द निवासी पुन्नूलाल कुजस्ते (55) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे मजदूरी करते हैं। 14 नवंबर 2026 को वे अपने गांव के बालाराम परस्ते, सुकरत मार्को, जगन कुजस्ते एवं अन्य लोगों के साथ गांव के दुर्गा मंच में बैठे थे। शाम लगभग 5 बजे राकेश कुजस्ते आया और उनसे शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगने लगा। रुपये देने से मना करने पर राकेश कुजस्ते गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर सिर और कंधे में चोट पहुंचा दी तथा जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। मामले में धारा 296(अ), 115(2), 118(1), 119(1), 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
घमापुर थाना – तीन युवकों ने की मारपीट, धमकी देकर भागे
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज घमापुर थाना क्षेत्र के मरघटाई निवासी उदय साहू (17) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 नवंबर 2026 की सुबह लगभग 4:30 बजे वे पढ़ाई करके अपने मामा के घर के बाहर टहल रहे थे। तभी हंशु, आशीष राजपूत और ऋषिपाल आकर उनसे शराब पीने के लिए 2,000 रुपये मांगने लगे। रुपये देने से मना करने पर तीनों गाली-गलौज करने लगे। गालियां देने से मना करने पर हंशु ने डंडे से हमला कर हाथ, पैर, पीठ और सीने में चोटें पहुंचाईं। आशीष राजपूत और ऋषिपाल ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा तीनों जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। मामले में धारा 296(अ), 115(2), 119(1), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
गढ़ा थाना – चार युवकों ने की मारपीट, सिर में पत्थर मारकर किया घायल
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज गढ़ा थाना क्षेत्र के जेडीए कालोनी बजरंगमठ के पास निवासी नितिन सिंह ठाकुर (38) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे वकालत करते हैं। 14 नवंबर 2026 की रात लगभग 10 बजे वे पिन्हारी मढ़िया के पास मुन्ना जैन की फूलकी के बाजू वाले चाट ठेला पर फूलकी खा रहे थे। वहीं पर 4 लड़के शराब पी रहे थे, जो उन्हें देखकर शराब पीने के लिए 2,000 रुपये की मांग करने लगे। उन्होंने रुपये देने से मना किया तो चारों लड़के उनके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट कर मुंह और शरीर में चोट पहुंचाई। एक लड़के ने पत्थर से सिर में मारा जिससे हेलमेट क्षतिग्रस्त हो गया। मारपीट के बाद चारों उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। झूमाझपटी के दौरान गले में पहनी चांदी की चेन गिर गई। मामले में धारा 296(ब), 115(2), 118(1), 119(1), 125, 351(2), 324(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
🔴 मोबाइल और चेन छीनने वाले आरोपियों की तलाश
संजीवनीनगर थाना – फोटोग्राफर से मोबाइल और सोने की चेन लूटी
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज संजीवनीनगर थाना क्षेत्र के कसौधन नगर ग्रीनसिटी मढ़ोताल निवासी पंकज पटेल (32) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे फोटोग्राफी का काम करते हैं। 13 नवंबर 2026 की रात लगभग 9:30 बजे वे कटपुरा ब्रिज के ऊपर रोड साइड किनारे अपनी एक्सिस खड़ी करके मोबाइल चला रहे थे। तभी पीछे से उनके परिचित करण विश्वकर्मा ने आवाज लगाई। उन्होंने पलटकर देखा तो करण विश्वकर्मा और गुल्लू उर्फ तुषार सोनी मोटरसाइकिल से उतरकर उनकी तरफ आए और 2 साल पहले हुए पुराने झगड़े की बात पर दोनों उनके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगे। करण विश्वकर्मा ने हाथ में पहने हुए कड़े से उनके साथ मारपीट की तथा दोनों ने उनके हाथ से एप्पल कंपनी का आईफोन और गले में पहनी सोने की चेन छीनकर भाग गए। अधिक चोट लगने पर मेडिकल कॉलेज में उपचार कराया गया। मामले में धारा 309(6) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
🔴 अकाल मृत्यु: मानसिक बीमारी से ग्रस्त पत्नी ने फांसी लगाकर दी जान
संजीवनीनगर थाना – 33 वर्षीय महिला ने की आत्महत्या
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज संजीवनीनगर थाना क्षेत्र के सुभाष नगर मड़फैया निवासी संतोष कुमार कोरी (39) ने सूचना दी कि उनकी शादी वर्ष 2012 में द्रोपती कोरी से हुई थी, जिससे उनके तीन बच्चे हैं। 14 नवंबर 2026 की रात परिवार सहित खाना खाकर सो गया था। 15 नवंबर 2026 की सुबह लगभग 7 बजे देखा कि उनकी पत्नी बिस्तर में नहीं थी। उठकर देखा तो घर की सीढ़ी के टावर में लगे लोहे के पाइप में चुनरी बांधकर फांसी लगाकर लटकी हुई थी। उन्होंने तत्काल साले सुरेंद्र कोरी को कॉल करके बुलाया और पत्नी को फांसी से उतारकर कमरे में लिटाया। पत्नी की मृत्यु हो चुकी थी। उनकी पत्नी द्रोपती कोरी (33) बहुत दिनों से मानसिक बीमारी से ग्रस्त थी। पत्नी की मृत्यु स्वयं द्वारा फांसी लगाने से हुई। सूचना पर पंचनामा कार्यवाही कर शव को पीएम हेतु भिजवाते हुए मर्ग कायम कर जांच में लिया गया है।
🔴 सड़क दुर्घटना: तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो युवक घायल
विजयनगर थाना – कार चालक की लापरवाही से मोटरसाइकिल सवार घायल
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज विजयनगर थाना क्षेत्र में 14 नवंबर 2026 की रात सड़क दुर्घटना में घायलों को उपचार हेतु हेल्थ सिटी अस्पताल में भर्ती कराने की सूचना पर पहुंची पुलिस को रामदीन पटेल (22) निवासी ग्रीनसिटी ने बताया कि 14 नवंबर 2026 को सुबह लगभग 11 बजे वे और उनका साथी बालकिशन रैकवार (28) निवासी ग्रीनसिटी पुताई का काम करने जगदंबा कालोनी गए थे। वहां से काम करने के बाद घर जा रहे थे। रात लगभग 10:25 बजे कृषि उपज मंडी के पीछे हनुमान मंदिर के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रही कार क्रमांक एमपी-20-बीए-6538 का चालक तेज गति एवं लापरवाही से चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिससे वे और बालकिशन दोनों गिर गए। दोनों को हाथ, पैर और शरीर में चोटें आईं। उन्होंने मोबाइल के माध्यम से भाई करण पटेल को सूचना दी, जिसने उन्हें और बालकिशन रैकवार को उपचार हेतु भर्ती कराया। मामले में धारा 281, 125(अ) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया गया है।